खाई में गिरी बारातियों से भरी गाड़ी, 14 की मौत, शादी से लौट रहा था परिवार
उत्तराखंड. उत्तराखंड के चंपावत जिले में बारातियों से भरी जीप 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा चंपावत के सुखीढांग-रीठा साहिब सड़क पर मंगलवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। वाहन में सवार सभी लोग शादी से लौट रहे थे। जान गंवाने वालों में लक्ष्मण सिंह (61), केदार सिंह (62), ईश्वर सिंह (40), उमेद सिंह (48), हयात सिंह (37), पुष्पा देवी (50) शामिल हैं। ये सभी ककनई गांव के रहने वाले थे। वहीं, पुनी देवी (55), भगवती देवी (45) हल्द्वानी के रहने वाले थे। बसंती देवी (35) चंपावत की, जबकि श्याम लाल (50) और विजय लाल (48) डांडा के ही रहने वाले थे।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक यह भीषण हादसा बुडम से करीब 3 किलोमीटर आगे हुआ। सभी लोग काकनाई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी से लौट रहे थे। मरने वालों में ज्यादातर लक्ष्मण सिंह के रिश्तेदार हैं। सूचना के बाद पुलिस व राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया। सभी 14 लोगों के शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वाहन चालक की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
