बजट 2022ः सरकार ने अब बजट में दिया ड्रोन को स्थान, पहला स्कूल ग्वालियर में खुलेगा
ग्वालियर. केंद्र सरकार ने बजट में आइटीआइ में ड्रोन शिक्षा शुरू करने की घोषणा की है साथ ही स्टार्टअप से भी जोड़ने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि केंद्र सरकार ने भले ही इसे अब बजट में स्थान दिया हो लेकिन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इसकी अहमियत पहले ही समझ चुके थे। इसी वजह से देश का पहला ड्रोन मेला ग्वालियर के एमआइटीएस कालेज में लगाया गया था। साथ ही अब देश में ड्रोन शिक्षा देने वाला संस्थान भी ग्वालियर का एमआइटीएस कालेज होगा। इसके लिए एमआइटीएस का भोपाल के राजीव गांधी प्रोद्योगिकी संस्थान से अनुबंध भी हो चुका है। ऐसे में बजट की घोषणा का लाभ ग्वालियर को भी मिलने के आसार हैं।
दरअसल आम बजट 2022 में ड्रोन को स्टार्टअप से जोड़ने खेती में इसका उपयोग करने एवं आइटीआइ में ड्रोन शिक्षा का पाठ्यक्रम शामिल करने की घोषणा की गई है। इसके लिए अन्य प्रदेशों को तैयारी करना होगी या योजना बनाना होगी जबकि मध्यप्रदेश इसके लिए पहले से ही तैयार है। क्योंकि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 11 दिसंबर को ग्वालियर के एमआइटीएस कालेज में आयोजित ड्रोन मेले के शुभारंभ समारोह के दाैरान मध्यप्रदेश के पांच जिलों में ड्रोन स्कूल शुरू करने की घोषणा कर दी थी। जिसके साथ ही प्रदेश में इसकी तैयारी भी शुरू हो गई थी। ऐसे में मध्यप्रदेश इस मामले में दूसरे जिलों से काफी आगे हैं। वहीं ग्वालियर में तो एमआइटीएस कालेज ने भोपाल के राजीव गांधी प्रोद्योगिकी संस्थान के साथ हफ्ते भर पहले अनुबंध भी कर लिया है। ऐसे में ड्रोन शिक्षा का सर्टिफिकेट कोर्स अब जल्द ही यहां शुरू भी हो जाएगा। ऐसे में साफ है कि बजट में हुई घोषणा का पहला लाभ लेने वाला प्रदेश मध्यप्रदेश होगा।
जानें क्या है ड्रोन स्कूल
ड्रोन स्कूलों में 6 महीने का सर्टिफिकेशन कोर्स होगा । इस कोर्स को करने के लिए कोई विशेष योग्यता की आवश्यता नहीं होगी। बल्कि 10वीं, 12वीं पास विद्यार्थी इस कोर्स को करके ड्रोन चलाने के लिए सर्टिफिकेट व पायलेट लायसेंस ले सकेंगे। जिसके बाद उन्हें 20 से 30 हजार रुपये तक के वेतन पर नौकरी मिल सकेगी। निजी स्कूल भी इस सर्टिफिकेशन कोर्स को शुरू कर सकेंगे।
प्रदेश में यहां खुलेंगे ड्रोन स्कूल
ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, जबलपुर एवं सतना में ड्रोन स्कूल खोलने के साथ ही ग्वालियर के माधव इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालजी एंड साइंस (एमआईटीएस) में ड्रोन एक्सीलेंसी सेंटर शुरू करने की शुरुआत हो चुकी है। एमआईटीएस ग्वालियर का आइजी ड्रोन कंपनी से एमओयू भी हाे चुका है। करार के तहत ड्रोन से जुड़ी तमाम तकनकी को विस्तृति किया जाएगा। ड्रोन संचालन व तकनीकि पहलुओं का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को दिया जाएगा। कंपनी द्वारा विद्यार्थियों के लिए प्रोजेक्ट भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनपर विद्यार्थियों द्वारा भौतिक रूप से काम किया जाएगा। फिक्की के साथ भी एक एमओयू हुआ है। जिसमें कृषि व कामर्शियल क्षेत्र में क्या जो हो रहा है, उनसे विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। करार के तहत इंडस्ट्रीज व इंस्टीट्यूट पार्टन बने हैं। जिसमें इंडस्ट्री प्रोजेक्ट उपलब्ध कराएगी। विद्यार्थी इंडस्ट्रीज में जाकर विजिट भी करेंगे। फिलहाल ड्रोन को सिलेबस में विस्तृत्व रूप से जोड़ा जाएगा। हालांकि पहले से ड्रोन सिलेबस का हिस्सा हैं।
