निगम -मण्डलों की नियुक्ति पर बोले नरेन्द्रसिंह तोमर जिनको अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बनाये गये वह BJP के हैं
ग्वालियर. केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ग्वालियर पहुंचे हैं। यहां उन्होंने हाल ही में निगम मण्डलों में हुई नियुक्तियों पर कहा है कि काम करने वालों को पद मिला है। जब पूछा गया कि BJP के मूल कार्यकर्त्ता की अनदेखी का आरोप कांग्रेस (Congress) लगा रही है तो केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा है कि जो अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाये गये है वह सभी भाजपा के कार्यकर्त्ता है। इसलिये कांग्रेस का कुछ नहीं उसे सिर्फ आरोप लगाना ही आता है।
केन्द्रीय कृषिमंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर शनिवार को अल्प प्रवास पर ग्वालियर आये है। यहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया है। रविवार को तानसेन समारोह में भी उन्हें शामिल होना है। एक दिन पूर्व ही प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह ने निगम और मण्डलों में राजनैतिक नियुक्तियां की है। ग्वालियर-चम्बल संभाग में 7 को निगम व मण्डल में अध्यक्ष बनाये गये है। इनमें से 5 केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक है और दो शिवराजसिंह चौहान। नरेन्द्र सिंह के एक भी समर्थक को जगह नहीं मिली है। कांग्रेस ने भी मूल भाजपाईयों अनदेखी की तंज कसा। जब केन्द्रीय कृषि मंत्री तोमर से प्रश्न दागा तो वह बड़े ही सरल अन्दाज में जवाब देते हुए निकल गये कि जो बने है वह भी भाजपा के कार्यकर्त्ता है।
गिनाई किसानों को दी जाने योजनायें
केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने किसानों के लिये किये कार्यो को भी गिनाया। उन्होंने बताया कि विगत वर्षो में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 11.50 करोड़ किसानों को 1.60 लाख करोड़ से अधिक पैसा उनके खाते में जमा कराया है। फसल बीमा जैसी योजनाओं के माध्यम से 1 लाख करोड़ से ज्यादा का मुआवजा जिन किसानों का नुकसान हुआ उनको प्रदान किया गया है। लगातार कृषि सुधार और कृषक की आमदनी दोगुनी हो इस दृष्टि से केन्द्र सरकार, राज्य के साथ मिलकर काम कर रही है। आपके माध्यम से राज्य सरकारों को अनुरोध करना चाहता हूं कि उनको अपनी स्कीम की समीक्षा करनी चाहिये। कोई भी किसान आत्महत्या की ओर न बढ़े यह जिम्मेदारी लेना चाहिये।
मुरार में बेरोजगार युवाओं ने रोकना चाहा काफिला
मुरार कन्या विद्यालय में आयोजिक कार्यक्रम में जब केन्द्रीय कृषि मंत्री जा रहे थे तो रास्ते में सेना भर्ती काफी समय से न होने से नाराज युवकों ने केन्द्रीय मंत्री तोमर के काफिले को घेरकर प्रदर्शन करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। उनको पुलिस ने केन्द्रीय मंत्री के काफिले से दूर ही रोक लिया। इसके बाद बेरोजगार युवकों ने सेना भर्ती कार्यालय पर प्रदर्शन किया है।

