दो चेन लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में, आरोपियों से लूट का माल भी जब्त, महंगे शौक करने के लिये करते थे लूट
ग्वालियर. लम्बे समय से लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे 2 लुटेरों को उटीला और सिरोल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही में दबोचा है। पकड़े गये बदमाशों का हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गयी है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो पकड़े गये बदमाशों से कई घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है। अभी तक हुई पूछताछ में पकड़े गये बदमाशों से कई लूटों का खुलासा हुआ है। जिसमें सिरोल में हुई लूट की 2 तोला वजनी सोने की चेन बरामद हुई है।

क्या है घटनाक्रम
एएसपी राजेश दंडौतिया ने बताया कि सूचना मिली है कि उटीला थाना क्षेत्र निवासी 2 युवक अपाचे मोटरसाईकिल से आकर महंगे शौक कर रहे है। सूचना पर उटीला थाना प्रभारी को उनकी जानकारी जुटाने का टास्क दिया गया है। इसी दौरान पता चला कि जिन युवकों की जानकारी एकत्र की जा रही थी। उनका हुलिया एक माह पूर्व सिरोल थाना क्षेत्र में हुई महिला से 2 तोला वजनी सोने की चेन लूट के आरोपियों से मिलता -जुलता है। इस बात का पता चलते ही सिरोल थाना प्रभारी गजेन्द्र धाकड़ को भी तस्दीक के लिये निर्देशित किया। चेन लूट के संदेही की जानकारी मिलते ही सिरोल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ उटीला पहुंचे और उटीला थाना प्रभारी व पुलिस बल के साथ युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पवन जाटव व राजेश जाटव निवासी उटीला बताया है।
ऐसे आये पुलिस के रडार पर
पकड़े गये बदमाश लगातार महंगे कपड़े और शराब पार्टी करने के चलते पुलिस के निशाने पर आये गये थे। क्योंकि काम धंधा न होने पर उनके महंगे शौक पुलिस की नजर में आ गये और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने जब इनसे पूछताछ की तो सिरोल में हुई चेन स्नेचिंग, कार से मोबाइल चोरी के साथ ही एक अन्य चोरी की घटना का खुलासा हो गया हौ और चोरी किया गया माल भी बरामद हुआ है। वहीं सूत्रों की मानें तो पकड़े गये बदमाशों से अन्य घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। जिनका माल बरामद करने में पुलिस टीम लगी हुई है। वहीं पुलिस जांच में पता चला है कि सभी घटनाओं में वह सफेद रंग की अपाचे मोटरसाईकिल का उपयोग करते थे।

