अतिवर्षा के कारण ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भारी हुआ नुकसान – ज्योतिरादित्य सिंधिया

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने खाद्यान्न के 3 ट्रक पीड़ितों को वितरण करने हेतु किए रवाना

ग्वालियर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि अतिवर्षा के कारण ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भारी नुकसान हुआ है। इस विपदा में पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिये केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार पूरी शिद्दत के साथ कार्य कर रही है। पीड़ितों को भोजन, पानी एवं अन्य सामग्री की आपूर्ति भी शासकीय प्रयासों के साथ-साथ जनभागीदारी से की जा रही है। श्री सिंधिया ने रविवार को प्रात: 8.30 बजे मोतीमहल से खाद्य सामग्री के 3 ट्रक जिले के डबरा एवं भितरवार के ग्रामीण क्षेत्र में प्रभावित लोगों के वितरण हेतु रवाना किए।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अतिवर्षा के कारण जो नुकसान हुआ है उसका आंकलन शासन स्तर से किया जा रहा है। हर पीड़ित को मदद उपलब्ध कराने के लिये सरकार कटिबद्ध है। इस मौके पर ग्वालियर जिले में अति वर्षा के कारण 3 लोगों की मृत्यु होने पर उनके परिजनों को संबल योजना के तहत 4 – 4 लाख रूपए की राहत राशि के चैक भी वितरित किए।
केन्द्रीय मंत्री ने स्मार्ट सिटी के कंट्रोल कमाण्ड सेंटर में स्मार्ट सिटी के द्वारा ग्वालियर संभाग की विभिन्न नदियों और बांधों की वर्तमान स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्र के संबंध में तैयार किए गए प्रजेण्टेशन को भी देखा और स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। केन्द्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि प्रत्येक नदी एवं बांध की निरंतर मॉनीटरिंग की जाए। इसके साथ ही मौसम विभाग की सूचनाओं के आधार पर भी आगामी रणनीति बनाई जाए।
ग्वालियर जिले के डबरा एवं भितरवार में जो ग्राम अति वर्षा से प्रभावित हुए हैं वहाँ पर राहत सामग्री के साथ-साथ लोगों को बांस-बल्ली, तिरपाल, रस्सी आदि भी उपलब्ध कराई जाए ताकि वे अस्थायी रूप से अपने रहने की व्यवस्था कर सकें। जिन आवासों को नुकसान हुआ है उन्हें सरकार की ओर से आवास की उपलब्धता की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रभावित व्यक्तियों को हुई क्षति के आंकलन का कार्य भी प्रशासन तत्परता से करे।
संबल योजना के तीन परिवारों को 4 – 4 लाख की सहायता
ग्वालियर जिले में मोहना एवं भितरवार क्षेत्र में अतिवर्षा के कारण 3 लोगों की मृत्यु हो जाने पर संबल योजना के तहत 4 – 4 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि के चैक वितरित किए। जिन प्रकरणों में सहायता राशि वितरित की गई है उनमें मोहना के मोनू राठौर और हेमंत शिवहरे तथा भितरवार क्षेत्र के लच्छी आदिवासी शामिल हैं। इन 3 की अति वर्षा के कारण मृत्यु हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *