डॉक्टर से विदेश से आये कॉल पर मांगे टैरर टैक्स 10 लाख रूपये, बोला 10 लाख रूपये दे दो नही तो पत्नी, बच्चों को संभालकर रखना

ग्वालियर. चर्चित डॉक्टर को देर रात को इंटरनेशनल नम्बर से धमकी भरे संदेश आये हैं। यह धमकी वॉट्सएप पर आयी है। धमकाने वाले ने डॉक्टर से 10 लाख रूपये टैरर टैक्स मांगा है। मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है। यह धमकी भरे संदेश 26 जुलाई की देर रात को आये हैं।
घटना के बाद से डॉक्टर और उनका परिवार काफी घबराया हुआ है। अपने परिवार के सदस्यों से बातचीत करने के बाद मामले की शिकायत ग्वालियर एसपी अमित सांघी को की गयी है। पुलिस ने इस मामले में क्राइम ब्रांच में धमकाने की एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल नम्बर से आरोपी का पता लगाया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला
शहर के कंपू स्थित जवाहर कॉलोनी निवासी डॉक्टर अमित थावरानी शहर के जाने माने गेस्ट्रोलॉजिस्ट हैं और वह घर पर ही क्लीनिक चलाते हैं और साथ ही सर गंगाराम अस्पताल में भी सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. अमित थावरानी ने क्राइम ब्रांच से अपनी शिकायत में बताया है कि उनके मोबाइल नंबर पर 26 जुलाई आधी रात 3.45 बजे के करीब व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश आए। उन्होंने जब संदेश भेजने वाले से बात की तो उसने धमकी दे डाली। धमकी देने वाले ने 10 लाख रुपए की मांग की है। धमकी देने वाले ने यह भी कहा, उसका परिवार कब जयपुर आता जाता है। उसे सब पता है। उसे 10 लाख रुपए नहीं मिले तो वह डॉक्टर की पत्नी और बच्चे को नुकसान पहुंचा देगा। पुलिस को पता चला कि डॉक्टर की ससुराल जयपुर में है और उनकी पत्नी बच्चों के साथ अक्सर जयपुर जाती-आती हैं। डॉक्टर ने पुलिस को वह व्हाट्सएप मैसेज भी दिए हैं जो धमकी भरे हैं। कुछ मैसेज आरोपी ने डिलीट कर दिए हैं। क्राइम ब्रांच ने इस मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मुझे लगा कोई मिलने वाला होगा
डॉ. अमित थावरानी ने बताया कि इस नम्बर से पहले भी एक बार हाय का मैसेज आया था। उन्हें लगा कि कोई जान पहचान वाला होगा। उनके एक दोस्त का दामाद भी यूएसए में है लीवर की प्रॉब्लम भी है। कई बार परामर्श ले चुके हैं। पहले उन्हें लगा कि वही है। लेकिन जब धमकी भरे मैसेज आये। फिर उस नम्बर पर कॉल किया तो सामने वाले ने धमकाया। तब लगा कि मामला गम्भीर है। पहले अपने परिवार और दोस्तों से चर्चा की फिर शिकायत की है।
विदेशी नम्बर से मांगा टैरर टैक्स
डॉक्टर को विदेशी नम्बर से वाट्सएप पर कॉल मैसेज कर धमकी दी गयी है। टू कॉलर पर भी यूएसए लिखा आ रहा है। अब क्राइम ब्रांच इस इंटरनेशनल नम्बर की पहेली को सुलझाने में जुट गयी है। मोबाइल नम्बर की डिटेल ढूंढी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *