भिंड जेल में बड़ा हादसा, जेल की दीवार ढहने से 22 बंदी घायल, 8 हालत नाजुक
भिंड. भिंड जेल में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया, जेल के जर्जर भवन की बैरक की दीवार ढहने से 22 बंदी घायल हो गए जिसमें से 2 की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी एवं आरआई मौके पर पहुंच गए और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हैरत की बात यह है कि जेल परिसर में रहते हुए भी जेलर तब पहुंचे जब एसपी और आरआई वहां पहुंचकर पूरा मामला संभाल चुके थे। जेल में बंद अन्य बंदियों को दूसरी बैरकों में शिफ्ट कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
भिंड जेल में बैरक नंबर 7 के बंदियों ने सुबह 5.20 बजे जेल प्रहरी को सूचना दी कि बैरक का प्लास्टर गिर रहा है, दीवार गिर सकती है इसी दौरान बैरक की दीवार गिरना शुरू हो गई। प्रहरी और अन्य जवानों ने वहां से बंदियों को निकालना शुरू कर दिया लेकिन तब तक दीवार गिर गई। इस हादसे में 22 बंदियों को काफी चोटे आई है जिसमें से रोहित सिंह पुत्र विजेंद्र सिंह भदौरिया निवासी खडेरी का पुरा अटेल व उदय पुत्र कप्तान सिंह निवासी चादनी खोड़ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है। ऐसा बताया जा रहा है कि बैरक नंबर 7 के अलावा बैरक नंबर 2 भी क्षतिग्रस्त हुई है। खास बात यह है कि जेल परिसर में निवास होने के बाद भी जेलर ओपी पांडे तुरंत घटना स्थल पर नहीं पहुंचे। एसपी मनोज कुमार एवं आरआई रजनी गुर्जर ने जब घटना स्थल पर पहुंचकर पूरे हालात को संभाल लिया तब जेलर मौके पर पहुंचे।

2018 में नया भवन तैयार होना था
जिला जेल का नया भवन 2018 में बनकर तैयार होना था लेकिन यह भवन अब तक नहीं बना है। ऐसे में बंदियों को अब भी जर्जर हो चुके जेल भवन में ही रखा जा रहा है। हादसे के बाद बाकी बंदियों को नई बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है।
बंदियों के परिजनों ने घेरा जेल परिसर
घटना की सूचना मिलते ही जेल के बाहर बंदियों के परिजनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लोग जेल को घेरकर खड़े हो गए है और उनका कहना है कि उनको उनके बंदियों से मिलवाया जाए। पुलिस अधीक्षक, आरआई मौके पर भीड़ को संभालने का प्रयास कर रहे हैं।
यह हुए घायल
- घनश्याम बौहरे पुत्र रामकरन निवासी गोविंद नगर
- केशव शिवहरे पुत्र रामभरोसे निवासी गोविंद नगर
- ओम प्रकाश परमार पुत्र जयपाल सिंह निवासी अम्बाह
- गुड्डू उर्फ किशन कांत पुत्र कैलाश नारायण निवासी दबोहा
- मोनू सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी शिवाजी नगर ग्राम पचेरा
- अर्जुन राजावत पुत्र भूप सिंह निवासी इटावा
- राजीव ओझा पुत्र अजय निवासी बीटीआई रोड भिंड
- आकाश जाटव पुत्र राकेश जाटव निवासी गिरधारी का पुरा अजीतमल औरैया
- बॉवी पुत्र भागीरथ जाटव निवासी रतनपुरा गडि़या जिला औरया।
- दिलीप यादव पुत्र जयवीर यादव निवासी गीता भवन चौराहा भिंड
- राहुल पुत्र संजीव सिंह तोमर निवासी नवादा भिंड
- रमेश सोनी पुत्र श्री रामशंकर सोनी निवासी हनुमान बजरिया
- बंटू भदौरिया पुत्र रामेश्वर सिंह निवासी बिजपुरी भिंड
- महिपत सिंह पुत्र शिवराज सिंह राजावत निवासी पुलावली थाना उमरी
- छोटू रावत पुत्र पंचम निवासी पुरानी बस्ती भिलवार
- दशरथ पुत्र रामप्रकाश सिंह निवासी रिछौली भिंड
- रोहित पुत्र ब्रजेंद्र सिंह निवासी खड़ेरी का पुरा भिंड
- उदय पुत्र कप्तान सिंह निवासी भिंड
- शिवराज पुत्र हरेद्र राजावत पुलावली
- रामौतार पुत्र विद्याराम जाटव निवासी भिंड
