ग्वालियर में दूध कारोबारी होम डिलीवरी की आड़ में बेचता था शराब, आबकारी विभाग ने की रेड
ग्वालियर. ग्वालियर जिले में दूध की आड़ में कारोबारी के काले कारनामों के बारे में जानकारी मिली है। मुखबिर की सूचना पर ग्वालियर ने दबिश दी जहां पता चला कि दूध डेयरी के काम की आड़ में शहर के लोगों को अंग्रेजी शराब की होम डिलीवरी की जा रही थी। आबकारी विभाग के उड़नदस्ते ने आर्मी एरिया से ऐसे ही शख्स के घर से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की और उसे गिरफ्तार किया।
लंबे समय से मिल रही थी जानकारी
ग्वालियर आबकारी विभाग को पिछले कुछ समय से जानकारी मिल रही थी कि मुरार थाना अंतर्गत आर्मी एरिया में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की होम डिलीवरी की जा रही थी। गुरूवार को एक बार फिर आबकारी विभाग के उड़नदस्ते ने सूचना पर बाज टॉकीज के पास आर्मी एरिया में रहने वाले अजीत यादव के घर पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की।
जब्त हुई ब्रांडेड शराब
आबकारी विभाग ग्वालियर के दबिश प्रभारी मनीष द्विवेदी ने बताया कि आरोपी अजीत के घर से टीम को एक अंग्रेजी शराब बॉम्बे व्हिस्की के तीन कार्टन, दो कार्टन एमडी व्हिस्की के व एक कार्टन बरमुडा रम के जब्त किए। शराब प्रेमियों की डिमांड पर इन शराबों की होम डिलीवरी की जाती थी। इस दौरान बरमुड़ा रम की सप्लाई सेना से जुड़े लोगों के लिए होती थी। वहीं एमडी व्हिस्की हरियाणा में तैयार होती थी। आरोपी दूध डेयरी की आड़ में शराब की होम डिलीवरी करता था लेकिन इस बारे में जानकारी नहीं मिली है कि आरोपी शराब कहां से लेकर आता था और आरोपी से पूछताछ जारी है।
