नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने बक्सवाहा में पेड़ों की कटाई पर रोक लगाई, वन विभाग की अनुमति आवश्यक, एक्सपर्ट कमेटी गठित कर 4 सप्ताह में जवाब पेश करें
भोपाल. बक्सवाहा में हीरा खदान के लिए लाखों पेड काटने के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने सख्त रूख अपनाते हुए पेड़ों की कटाई पर रोक लगा दी है साथ ही मप्र के मुख्य वन संरक्षक को आदेश दिया है कि वे देखें कि कोई भी पेड़ नहीं कटना चाहिए इसके लिए वन विभाग की अनुमति आवश्यक है। वन संरक्षण अधिनियम की धारा 2 में प्रदत्त गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए इसके तहत एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया जाए।
आदेश में याचिकाकर्ता को निर्देश दिए गए और सभी आवश्यक कागजात और याचिका की कॉपी अनावेदकों को प्रस्तुत करें। मामले में पार्टी बनाए गए राज्य सरकार, केंद्र सरकार, वन विभाग और हीरा खदान का ठेका लेने वाली निजी कंपनी को 4 सप्ताह जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा है। अगली सुनवाई 27 अगस्त 2021 को तय की गई है।
जनहित याचिका में पेड़ों की कटाई को चुनौती दी गई
नागरिक उपभोक्ता मंच के डॉक्टर पीजी नाजपांडे, रजत भार्गव और उज्जवल शर्मा की ओर से लगाई गई संयुक्त याचिका की एनजीटी ने 30 जून बुधवार को सुनवाइ की थी। याचिका में बक्सवाहा जंगल में हीरा खदान की अनुमति देने और पेड़ों की कटाई को चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ता डॉक्टर पीजी नाजपांड और रजत भार्गव ने 21 जून को आवेदन प्रस्तुत कर बक्सवाहा जंगह में रॉक पेंटिंग मिलने के मामले में ऑर्कियोलॉजिकल सोसाइटी से इसकी रिपोर्ट पेश करने की अपील की है।
खनन कंपनी कटने वाले पेड से अधिक पेड लगाएगी
दावा किया कि हीरा निकालने वाली साइट के 10 किमी क्षेत्र में रिजर्व फॉरेस्ट या वाइल्ड लाइफ सेंचुरी नहीं है। फॉरेस्ट की रिपोर्ट में भी विशिष्ट जानवारों की उपस्थिति नहीं बताई गई है। पर्यावरण व वन विभाग की सभी अनुमतियों के बाद ही पेड काटा जाएगा। ग्राउंड वॉटर को वॉटर हार्वेस्टिंग करके रिप्लेस करेंगे। बक्सवाहा में अगले 12 वर्षों में काटे जाने वाले 2.15 लाख पेड़ों की तुलना में 3.80 लाख पेड़ लगाए जाएंगे इसके लिए कंपनी ने 15.8 करोड़ रुपए खर्च करेगी।
