कोरोना कफ्यू के दौरान विकलांग की हत्या, 3 बदमाशों ने सिर में मारी गोली
ग्वालियर. कोरोना कर्फ्यू के बीच 3 बदमाशों ने एक विकलांग की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी है। दिव्यांग घर के बाहर बैठकर ताश खेल रहा था, तभी मोटरसाईकिल सवार 3 बदमाश पहुंचे और छीना झप्पटी करने लगे। दिव्यांग ने विरोध किया तो बदमाशों ने सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गुढ़ातलैया इलाके में शनिवार की शाम की हे। हत्या के बाद बदमाश कट्टा लहराते हुए फरार हो गये। युवक को तत्काल परिजन लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और 3 बदमाशों में से एक की पहचान क्षेत्र के बदमाश के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला
माधवगंज थाना क्षेत्र के गुढ़ा तलैया निवासी 38 वर्षीय विनोद कुशवाहा पैर से दिव्यांग है। शनिवार को कोरोना कर्फ्यू के चलते चौराहों और सड़कों पर पुलिस तैनात थी। यही कारण था कि विनोद अपने घर के बाहर बैठा था। कुछ पड़ोसी आ गए और वह ताश खेलने लगे। अभी वह खेल में मस्त थे तभी वहां क्षेत्र का बदमाश बन्ना उर्फ मन्ना उर्फ जगदीश कुशवाह बाइक पर दो अन्य साथियों के साथ आ पहुंचा। आते ही उसने ताश खेल रहे लोगों के रुपए छीनने का प्रयास किया। इस पर वहां बैठे विनोद ने विरोध किया। दिव्यांग का विरोध करना बदमाश को पसंद नहीं आया। बन्ना ने देशी कट्टा निकालकर उसे गोली मार दी। गोली सीधे विनोद के सिर में जा लगी जिससे वह वहीं ढेर हो गया। गोली मारकर बदमाश व उसके साथी फरार हो गए तभी आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर विनोद को JAH( जयरोग्य अस्पताल) लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना की वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर जा पहुंची। जहां प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। वहीं पुलिस ने दिव्यांग के शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। साथ ही हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पैसे छुड़ाने का विरोध पर की हत्या
माधवगंज थाना TI दामोदर गुप्ता ने बताया कि दिव्यांग युवक की घर के बाहर गोली मारकर हत्या की गई है। बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने यह वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने गोली मारने से पहले घर के बाहर दिव्यांग से पैसे छुड़ाएं। जब विरोध किया तो उन्होंने गोली मार दी। मामला दर्ज कर लिया है आरोपियों की तलाश की जा रही है।
