महाराज बाड़ा समेत शहर के सभी प्रमुख बाजार पुलिस ने किए टोटल लॉक
ग्वालियर. पुलिस ने महाराज बाड़ा समेत शहर के सभी प्रमुख बाजार बंद कर दिए है। फालतू घूमने वालों पर पुलिस और सख्ती बरत रही है। पुलिस प्रशासन को अब हर हाल में संक्रमण की बढ़ती चेन को ब्रेक करना है। कोरोना संक्रमण के रोजाना बढ़ते आंकड़ों ने पुलिस प्रशासन के माथे पर बल ला दिया है। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ना अब प्रशासन के लिए जरूरी हो गया है। वजह यह है कि अब अस्पतालों में जगह नहीं है और जरूरी दवाइयों का टोटा पड़ गया है ऐसे में हालात अब बद से बदतर हो रहे है।
बाड़े को चारों तरफ से बेरीकेड लगाकर बंद
पब्लिक के घर में रोके रखना पुलिस के लिये चुनौती बन गया है ऐसे में पुलिस ने सबसे पहले ऐसे बाजार चिन्हित किए है जहां लोगों की आवाजाही बेवजह होती है। खासतौर पर लॉकडाउन है और लोगों का बाड़े पर बेवजह आना-जाना हो रहा है। ऐसे में एसपी अमित सांघी ने बाड़े को चारों तरफ से बेरीकेड लगाकर बंद कर दिया है। इसके पहले कल दाल बाजार को भी बंद कराया गया था।
पुलिस ने पहले 10 बजे तक की बाजार से सब्जी, दूध व फल लाने की छूट दे रही थी जबकि अब छूट को 9 बजे तक ही सीमित कर दिया है। पुलिस मास्क न लगाने वालों के खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। जो मास्क नहीं लगा रहे है उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है।
