मप्र में 94 कोविड केयर सेंटर प्रारंभ, ग्वालियर सहित कई जिलों में रेमडेसिविर इंजेक्शन की आपूर्ति

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा है कि रेमडेसिविर इंजेक्शन की आपूर्ति और ऑक्सीजन व्यवस्था के लिए युद्ध स्तर पर कार्य जारी है। प्रदेश के जिलों में 94 कोविड केयर सेंटर का संचालन आरंभ हो गया है। प्रत्येक जिले को 2 करोड़ रुपये व्यवस्था के लिए उपलब्ध कराये गये है इसके साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक जिले को एक-एक करोड़ रुपये अलग से जारी किये गये है। मुख्यमंत्री ने आज निवास से सभी कलेक्टर्स, कमिश्नर्स, एसपी और आईजी से वर्चुअल चर्चा कर कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए हो रहे प्रयासों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
इंदौर पहुंचे 9 हजार 264 रेमडेसिविर इंजेक्शन
वीडियो कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे 200 बॉक्स में कुल 9 हजार 264 रेमडेसिविर इंजेक्शन आए है। इनमें से स्टेट प्लेन के माध्यम से 42 बॉक्स भोपाल, 7 रतलाम और 4 खंड़वा पहुंचाये गए। इसी तरह स्टेट प्लेन से 19 बॉक्स ग्वालियर, 18 रीवा, 39 जबलपुर और 14 सागर पहुंचाये गए।
प्रदेश के सभी कलेक्टर्स पूरी ऊर्जा के साथ मुकाबला करें- सीएम शिवराज सिंह
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कलेक्टर्स कोरोना संक्रमण का पूरी ऊर्जा के साथ मुकाबला करें। नागरिकों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। सावधानियों का पूरी तरह पालन हो। ऑक्सीजन, औषधियों और बिस्तरों की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक कार्यों को यथा समय पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा प्रदेश के कलेक्टर्स से चर्चा कर कोरोना संक्रमण की रोकथाम और प्रबंधन के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी भी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *