बंगाल के कूचबिहार में हिंसा के बाद वोटिंग रद्द
नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में हिंसा के बीच बूथ नंबर 125 पर मतदान रद्द कर दिया गया है। सीतालकुची के इस बूथ पर हिंसा की सूचना के बाद वोटिंग रद्द की गई है। इस घटनाक्रम को लेकर ममता बनर्जी ने केंद्र पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने भी सिलीगुड़ी की रैली में कूचबिहार की घटना पर चिंता जताते हुए चुनाव आयोग से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीआरपीएफ ने सीतालकुची में 4 लोगों को गोली मारी
ममता बनर्जी ने कहा कि सीआरपीएफ ने आज सीतालकुची में चार लोगों को गोली मार दी। वहीं सुबह एक और शख्स की मौत हुई थी। सीआरपीएफ से मेरी दुश्मनी नहीं है लेकिन होम मिनिस्टर के इशारे पर जो साजिश रची गई है आज सामने आया ये घटनाक्रम उसका सबूत है। ममता ने ये भी कहा कि वोट देने के लिए कतार में खड़े लोगों को सीआरपीएफ ने गोली मार दी। ये सब करने की हिम्मत उनमें कैसे हुई, बीजेपी जानती है कि वो चुनाव हार रही है इसलिए हमारे वोटरों और कार्यकर्ताओं को मरवाया जा रहा है।
पीएम ने की कार्रवाई की मांग
पीएम नरेंद्र मोदी ने भी कूचबिहार में हुई हिंसा पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीएम ने सिलीगुड़ी की चुनावी जनसभा के दौरान कूचबिहार के घटनाक्रम का जिक्र किया था। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने कूचबिहार के घटनाक्रम पर जिले के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
