पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी सीएम से कोरोना पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बात की, कहा कोरोना से निपटने के लिए 2 से 3 हफ्ते बरतें सख्ती
नई दिल्ली. कोरोना वायरस पर आखिरी प्रहार के लिए तैयारी शुरू हो गई है। पीएम नरेंद्र मोदी देश के सभी मुख्यमंत्रियों के साथ इस मुद्दे पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत कर रहे है। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन भी मौजूद है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम कोरोना के इस पीक को बहुत तेजी से नीचे ला सकते है इसके लिए हमें टेस्ट, ट्रैक व ट्रीट पर काम करना होगा। हम जितना ज्यादा टेस्ट करेंगे उतना अच्छा रहेगा। हमें टेस्टिंग का लेवल इतना ज्यादा बढ़ाना होगा कि कोरोना संक्रमण की दर 5 प्रतिशत की दर से नीचे आ जाए।
पीएम मोदी ने कहा अब पहले की अपेक्षा हमारे पास संसाधन ज्यादा है, वैक्सीन भी है। अब हमारे पास इस बीमारी को लेकर अनुभव भी ज्यादा है। यह हम सबके लिए प्लस पॉइंट है जबकि इससे पहले ऐसा कुछ नहीं थी जिसके चलते हमें लॉकडाउन लगाने को मजबूर होना पड़ा, उस लॉकडाउन की अवधि में हमने देश में स्वास्थ्य ढांचा बढ़ाने पर काम किया। अब हमारा जोर माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने पर होना चाहिए। जहां रात्रि कर्फ्यू लगाए गए है, वहां कोरोना कर्फ्यू शब्द का इस्तेमाल करें।
पीएम मोदी ने कहा कि आज की मीटिंग में कई महत्वपूर्ण बिंदु सामने रखे गए है, कई सुझाव दिए गए है। भारत सरकार की ओर से जो प्रेजेंटेशन रखा गया है उसे देखकर लगा रहा है कि एक बार फिर चुनौतीपूर्ण स्थिति बन रही है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि हालात से निपटने के लिए वे 2 से 3 हफ्ते सख्ती बरतें और लापरवाही न करें।
