43 दिन में 30 हजार बसों की जांच, सबसे अधिक ओवरलोड बसें इंदौर में पकड़ी, नियम तोड़ने में मुरैना सबसे आगे

ग्वालियर. परिवहन विभाग ने सीधी बस हादसे के बाद प्रदेश में 43 दिन के अंदर 28 हजार 525 बसों की जांच की। इस दौरान सबसे अधिक ओवरलोड बसें इंदौर में पकड़ी गई जबकि नियम तोड़ने में मुरैना सबसे आगे रहा है। 17 फरवरी से 31 मार्च तक चले इस जांच अभियान से विभाग ने 6 करोड़ 17 लाख रुपये जुर्माना वसूलकर राजस्व प्राप्त किया। अब विभाग ने 2 वाट्सएप नंबर जारी कर आम लोगों से नियम तोड़ने वाली बसों के खिलाफ शिकायतें मांगी है।
सीधी जिले में बस नहर में गिरने के बाद विभाग ने आरटीओ, जिला परिवहन अधिकारी व स्क्वाड को नियम तोड़ने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सड़कों पर उतारा था। परिवहन आयुक्त ने ग्वालियर में जिम्मेदारी संभाली थी इसमें जिन जिलों ने बसों पर कार्रवाई की उनकी जानकारी मुख्यालय भेजी। 43 दिन में इंदौर में 967 बसों की जांच की गई जिसमें 115 बसों में ओवरलोड मिली। 64 बसें बिना परमिट के दौड़ रही थी और 9 बसों के पास बीमा नहीं था। इधर मुरैना जिले में 1652 बसों की जांच की गई जिसमें 92 में ओवरलोडिंग थी। 44 बसें बिना बीमा के चलती मिली और 21 बसों पर परमिट नहीं था। ग्वालियर में 434 बसों की जांच में 44 में ओवरलोडिंग मिली। शिवपुरी जिले में सबसे ज्यादा 2109 बसों की चेकिंग हुई लेकिन नियम विरूद्ध चलने वाली बसों संख्या कम रही।
इन श्रेणियों में कार्रवाई की
चेकिंग के दौरान परमिट, ओवरलोडिंग, बीमा, फिटनेस, चालक के लाइसेंस की जांच की गई। अन्य नियम तोड़ने पर जुर्माने की कार्रवाई की गई। प्रदेश में 5128 बसों का अन्य अपराध में चालान किया गया। नियम विरुद्ध सड़कों पर दौड़ रहीं 538 बसों को जब्त किया गया।
दो बसों के परमिट निरस्त किए थे
एमपी 06पी 4011 बस में चार सवारियां अधिक थीं। यह बस ग्वालियर से गुना जाती थी और इसका परमिट निरस्त कर दिया गया।
एमपी 07पी 0541 बसे में 13 सवारी ओवरलोड थीं, यह शिवपुरी से मगरौनी मार्ग पर चलती थी। इसका परमिट निरस्त कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *