जहरीली शराब के सेवन से तीसरे युवक की भी हुई मौत, 4 की हालत नाजुक
ग्वालियर. शहर में जहरीली शराब पीने से तीसरे युवक की भी मौत हो गयी। मृतक, महाराजपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ का रहने वाला था। महाराजपुरा थाना पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को हवाले कर दिया गया। वहीं, मासूम मामले की जांच शुरू कर दी। पिछोर जिला शिवपुरी निवासी रवि पुत्र रहीशा खान लक्ष्मणगढ़ इलाके में निवास करता था। पिछले दिन युवक ने शराब का सेवन किया और इसके बाद हालत बिगड़ी और उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां उसने दम तोड़ दिया और मौत का पता चलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस के साथ ही अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जहरीली शराब के सेवन से पहले ही दो की मौत
महाराजपुरा थाने के इलाके में चन्दूपुरा गांव में पिछले दिनों जहरीली शराब के सेवन से 2 की मौत हो चुकी है। वहीं, 4 लोगों की हालत नाजुक है। जिन्हें इलाज के लिये जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि होली उत्सव के दूसरे दिन भाईदूज पर शराब पार्टी चन्दूपुरा निवासी प्रदीप परिहार और विजयसिंह परिहार ने अपने साथी बंटी रजक, तेजसिंह, चन्द्रपाल सिंह और लल्लू माहौर ने की थी।
जिन्दगी की अंतिम पार्टी हुई साबित
यह शराब पार्टी विजय और प्रदीप के जिन्दगी की अंतिम पार्टी साबित हुई और इसके बाद दोनों की हालत बिगड़ी थी, जिसमें विजय की घर पर ही मौत हुई थी। वहीं, प्रदीप की मौत के उपचार के दौरान हुई थी। शेष अन्य साथियों का स्वास्थ्य खराब हुआ तो उन्हें जयारोग्य अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था। जेएएच में बंटी रजक, तेजसिंह, चन्द्रपाल सिंह और लल्लू माहौर का इलाज चल रहा है। जहां पर 3 की हालत स्थिर है। वहीं, एक की आंखों की रोशनी खराब होने की बात कहीं जा रही है।
