प्रदीप वर्मा की 4 पेन ड्राइव में रिश्वत का हिस्सा टॉप अफसरों को बांटने का पूरा हिसाब-किताब
ग्वालियर. नगर निगम का घूसखोर सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा की चार पेन ड्राइव से सनसनीखेज राज खुले है। इन पेन ड्राइव में रिश्वत का हिस्सा टॉप अफसरों को बांटने का पूरा हिसाब-किताब है। दस्तावेज में लेन-देन की तिथि और अफसरों के नामों का पूरा ब्योरा है कि किस अफसर को कितना पैसा दिया गया है। इसमें नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर पुराने अफसर भी शामिल है। जांच टीम में शामिल विश्वसनीय जानकारों के अनुसार प्रदीप वर्मा की मां, पत्नी, बहन, भाई के नाम से 15 से 20 खाते शहर की बिभिन्न बैंक में है। चौकानं वाली बात है कि कई बैंक खातों में जानबूझकर पेन कार्ड लिंक नहीं कराए गये है जिससे खातों का लेनदेन आपस में सीधे आयकर विभाग की नजरों में न आ जाए।
मां के नाम के आगे पति के नाम कैसे बदलकर दर्ज कराए, जांचकर्ता हैरान
प्रदीप के परिवार के बैंक खातों में बड़ी चौकाने वाली बात सामने आई है। प्रदीप की मां ललिता पत्नी सूरज सिंह के नाम से बैंक खाते है। यहां तक को ठीक था लेकिन ललिता पत्नी बाबू सिंह, ललिता पत्नी प्रदीप वर्मा सहित कई नाम के खाते हैं मां के नाम के आगे उनके पति के नाम कैसे बदलकर दर्ज कराए गए इस पर जांचकर्ता हैरान है।
बाबुओं को हटाया फिर भी कर रहे थे काम
2015 में ऑटोमेटिक बिल्डिंग परमिशन एप्रूवल सिस्टम लागू होने के बाद से ऑडिट का पासवर्ड इस्तेमाल कर फाइलें पास कर रहे भवन शाखा के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नाथू बाथम जो कि बाबू का काम करता है, और कंप्यूटर ऑपरेटर केशव शंखवार को सितंबर में जनकार्य विभाग में भेजा गया था। लेकिन वे अब भी भवन शाखा में काम कर रहे हैं। सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा के पकड़े जाने के बाद से ये दोनों भी गायब हैं।
तत्कालीन सिटी प्लानर, दो उपयंत्री और तीन कर्मचारियों के नाम से होगी एफआईआर
नगर निगम से सिटी सेंटर स्थित सालासर भवन, बिरला अस्पताल और होटल लैंडमार्क की निर्माण मंजूरी की गुम हुई फाइलों का मामला गरमा गया है। ये तीनों मामले लोकायुक्त में भी चल रहे हैं। ईओडब्ल्यू द्वारा सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा को पकड़े जाने के बाद निगम प्रशासन इन मामलों को लेकर अचानक सक्रिय हो गया है। आयुक्त संदीप माकिन ने गुम फाइलों के संबंध में एफआईआर कराने के लिए यूनिवर्सिटी थाने में एक पत्र दिया है। भवन शाखा से जुड़े उक्त मामलों में दी गई अनुमतियों में गड़बड़ी की शिकायतें पहले से ही लोकायुक्त में पहुंच चुकी हैं। अब जब अधिकारियों की लोकायुक्त में पेशी होना है तो अधिकारियों ने एफआईआर कराने का मन बना लिया है। सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा से विभाग से जुड़े दो उपयंत्री व तीन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उक्त तीनों प्रकरणों के संबंध में 11 जनवरी 2021 को लोकायुक्त के सामने पेशी होना है।
