ढ़िलाई बरतने वाले पटवारियों के खिलाफ करें कठोर कार्रवाई

ग्वालियर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत पात्र किसानों के चयन में किसी तरह की ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं होगी। ये योजनायें सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं, इसलिये पूरी गंभीरता के साथ सभी पात्र किसानों को लाभान्वित कराएँ। इस आशय के निर्देश कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और सभी राजस्व अधिकारियों को पाँच दिन के भीतर योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा 5 दिन बाद राजस्व अधिकारियों की बैठक में फिर से इस योजना की समीक्षा की जाए।
अपर कलेक्टर आशीष तिवारी ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि डायवर्सन की एंट्री का काम पूर्ण करने के लिये पटवारियों का रोस्टर बनाएँ। जो पटवारी इस काम में रूचि न लें, उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए। उन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण संबंधी शिकायतें प्राथमिकता से पोर्टल में दर्ज करने पर भी विशेष बल दिया। साथ ही सीमांकन के प्रकरण तेजी से निपटाने को कहा।
बैठक में नामांतरण, सीमांकन, बटवारा, भू-राजस्व की वसूली, आरसीएमएस में प्रकरणों को दर्ज करना एवं राजस्व न्यायालय के प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश भी सभी राजस्व अधिकारियों को दिए गए।
राजस्व अधिकारियों की बैठक में अपर कलेक्टर किशोर कान्याल, टीएन सिंह व रिंकेश वैश्य, समस्त अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *