मैनेजर की आय 65 लाख और संपत्ति 2 करोड़ 41 लाख रूपये की, लोकायुक्त टीम ने 3 ठिकानों पर मारा छापा, मौके पर ट्रैक्टर और कार मिली

इन्दौर. लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को धार जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के 3 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। शुरूआती जांच मंें उनके पास आये से ज्यादा संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त के अनुसार लगभग 20 साल की नौकरी में शेरसिंह को 5 लाख रूपये वेतन मिला। इस बीच उन्होंने 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रूपये की संपत्ति अर्जित की और खर्च किये। यह उनकी वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक है।
लोकायुक्त ने ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13.1 (बी) और 13.2 के तहत केस दर्ज किया है। 3 टीमें सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर तलाश कर रही है। संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य सामान का सत्यापन और मूल्यांकन किया जा रहा है।
2 मंजिला मकान पर 97 लाख रूपये खर्च
जांच में सामने आया है कि शेरसिंह ठाकुर ने ग्राम सोडपुर, नालछा में 0.1520 हैक्टर का भूखंड खरीदा। इस पर 2400 वर्गफीट में 2 मंजिला मकान बनवाया। प्लॉट की खरीद और मकान निर्माण पर 97 लाख रूपये खर्च होने का अनुमान है। नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का एक और भवन खरीदा गया है। इसका इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिये हो रहा है। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रूपये है।
दस्तावेजों की जांच और संपत्ति की तलाश जारी -एसपी
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के नेतृत्व में कार्यवाही अभी भी जारी है। डीएसपी आनंद चौहान, इंस्पेक्टर आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया तलाशी अभियान में शामिल है। यह कार्यवाही लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और डीआईजी मनोज सिंह की देखरेख में हो रही है। एसपी राजेश सहाय ने बताया कि सर्च और दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के संपत्तियों की वास्तविक कीमत और आय के अनुपात में अनुपातहीन संपत्ति का अंतिम आकलन किया जायेगा।
पत्नी के नाम पर भी खरीदी कृषि जमीन
जांच में ठाकुर की पत्नी कविता के नाम पर भी कृषि भूमि खरीदी गई है। ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर में 0.645 हेक्टेयर जमीन 8 लाख रुपए में खरीदी गई। वहीं, ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर में 2.526 हेक्टेयर जमीन की खरीद पर 42 लाख रुपए खर्च हुए।
लोकायुक्त के मुताबिक, ठाकुर के पास JCB, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा TUV, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि यंत्र-संयंत्र मिले हैं। इनकी अनुमानित कीमत 53 लाख रुपए है। ठाकुर से जुड़े एक अन्य बेनामी भवन की जानकारी भी मिली है। इसको वेरिफाई किया जा रहा है। अलग-अलग संपत्तियों पर मिले कृषि यंत्रों, ट्रैक्टरों और ट्रॉलियों के स्वामित्व और कीमत का आकलन किया जा रहा है।
