ग्वालियर की सड़कों को मिलेगी नई रफ्तार, 28 प्रमुख मार्ग नए बनेंगे मुक्ति, यातायात होगा सुगम और नागरिकों को मिलेगी राहत
दीपावली के बाद शुरू होगा सड़क चौड़ीकरण का काम, नगर निगम ने जारी की कार्ययोजना
ग्वालियर – शहरवासियों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों के विकास एवं सड़क चौड़ीकरण की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत 108 करोड़ की लागत से शहर की 28 प्रमुख सड़कों को बनाया जा रहा है। इन कार्यों के पूर्ण होने से संकरी सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन आसान बनेगा तथा नागरिकों को लंबे समय तक गड्ढों और जर्जर सड़कों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सहायक नगर निवेशक ने बताया कि नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के विशेष प्रयास से प्रदेश सरकार की द्वारका योजना के अंतर्गत महाराज बाड़ा से गश्त का ताजिया मार्ग सहित शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों को शामिल किया गया है। इन सड़कों के चौड़ीकरण और सुधार से व्यस्त बाजारों, प्रमुख चौराहों तथा आवासीय क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही वाहन चालकों, व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
’दीपावली के बाद शुरू होंगे विकास कार्य’
नगर निगम द्वारा सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए कार्ययोजना के अनुसार आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत दीपावली के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की योजना है। कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए संबंधित मार्गों का विकास किया जाएगा, जिससे शहर की सड़क अधोसंरचना को मजबूत किया जा सके।
’पुरानी सड़कों के स्थान पर बेहतर सड़क सुविधा पर जोर’
शहर में लंबे समय से उपयोग में आ रही कई सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने के कारण उनके सुधार और चौड़ीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सड़क विकास की इस योजना का उद्देश्य केवल सड़कों को चौड़ा करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना भी है। बेहतर सड़कें मिलने से समय की बचत होगी और व्यस्त मार्गों पर यातायात संचालन अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।
इन 28 प्रमुख मार्गों का होगा चौड़ीकरण
एजी ऑफिस से सिल्वर स्टेट, होटल सनबीम से मान सिंह चौराहा, टाइगर चौक से दाने बाबा चौराहा,भिंड रोड से सेंट्रल एकेडमी, हजीरा चौराहा से बिरला नगर पुल तक, हजीरा चौराहा से चार शहर का नाका, पम्मू राय जिम से शरमन पुलिया तक, तानसेन नगर एला आई सी पुलिया से रमटापुरा पुल, लधेड़ी से जलालपुर मार्ग तक, नहर वाले हनुमान से प्रभात राय मूर्तिकार तक, बाबा कपूर से बिजली घर तक, हथियारा रोड मुख्य मार्ग, भिंड रोड से कृष्णा कॉम्प्लेक्स तक, दाने बाबा से राम वाटिका तक, सिंधिया स्टैच्यू से टाइगर चौक तक, जड़ेरुआ एक्सटेंशन से कोठी पीपल चौराहा तक, गंगा विहार तिराहा से दाने बाबा तक, मंडी से आस्तिक देव नगर चौराहा, दंडोतिया मार्केट से गिरगांव तक, दंडोतिया मार्केट से बीपी सिटी तक, बीपी सिटी से जड़ेरुआ बांध तक, ब्लू लोटस मैंनगेट से पानी की टंकी तक, कम्पू थाना से गुड़ी-गुड़ी का नाका, हेमू कॉलोनी चौक से खासगी तक, जनहित स्कूल से 12 बीघा तक, माधोगंज थाना से हेमसिंह की परेड, बाड़ा से गश्त का ताजिया, लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम का मुख्य मार्ग
