जीवाजी क्लब  में बवाल के आसार: 19 सदस्यों ने अध्यक्ष राजेंद्र सेठ को घेरा, एजीएम में उठेंगे गंभीर सवाल

ग्वालियर। जीवाजी क्लब में आज शाम 5 बजे होने वाली साधारण सभा की बैठक (एजीएम) में हंगामे के आसार बन गए हैं। क्लब के आजीवन सदस्य दुष्यंत साहनी सहित 19 सदस्यों ने अध्यक्ष राजेंद्र सेठ को हस्ताक्षरित पत्र भेजकर क्लब के संचालन और हाल के फैसलों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। सदस्यों ने कई गंभीर मुद्दे उठाते हुए जवाब और खर्चों का हिसाब मांगा है।
पत्र में क्लब की प्रशासनिक व्यवस्था और कुप्रबंधन पर सवाल खड़े किए गए हैं। सदस्यों का आरोप है कि प्रशासनिक विफलता के कारण क्लब की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। साथ ही यह चिंता भी जताई गई है कि क्लब की पहचान अब एक सामाजिक संस्था के बजाय राजनीतिक समूह अथवा राजनीतिक दल से जुड़े लोगों के क्लब के रूप में बनने लगी है।
15 अगस्त के लंच में भीड़ और खाना लूटने का मुद्दा
पत्र में 15 अगस्त को आयोजित लंच कार्यक्रम का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। सदस्यों का आरोप है कि कार्यक्रम में आवश्यकता से अधिक लोगों को बुलाया गया और भोजन को लेकर अव्यवस्था की स्थिति बनी। खाना लूटने जैसी स्थिति को लेकर भी सदस्यों ने सवाल उठाते हुए आयोजन की व्यवस्था और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
‘क्लब किसी पदाधिकारी की निजी संपत्ति नहीं’
सदस्यों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जीवाजी क्लब किसी अध्यक्ष, पदाधिकारी या कार्यसमिति सदस्य की व्यक्तिगत संपत्ति नहीं है। क्लब के संचालन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सभी सदस्यों के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
खर्च का हिसाब मांगते हुए चुनाव तारीख पर भी नजर
अध्यक्ष राजेंद्र सेठ से क्लब के विभिन्न आयोजनों और गतिविधियों में हुए खर्च का हिसाब मांगा गया है। आज होने वाली साधारण सभा की बैठक में क्लब के आगामी चुनाव की तारीख भी तय की जानी है। ऐसे में पहले से उठे विरोध के बीच एजीएम काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
19 सदस्यों के हस्ताक्षर वाले इस पत्र के बाद माना जा रहा है कि शाम 5 बजे होने वाली बैठक में जोरदार बहस और हंगामे की स्थिति बन सकती है। अब नजर इस बात पर है कि क्लब प्रबंधन सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों का क्या जवाब देता है और चुनाव की तारीख को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *