जीवाजी विश्वविद्यालय में व्याप्त समस्याओं को लेकर NSUI का धरना
ग्वालियर. जीवाजी विश्वविद्यालय की सेंट्रल लायब्रेरी में लम्बे समय से खराब पड़े एयर कंडीशनिंग व्यवस्था को लेकर छात्र संगठन एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। एनएसयूआई का आरोप है कि एसी खराब होने से छात्रों को पढ़ाई में भारी परेशानी हो रही है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बताया कि पुस्तकालय में ए सी व्यवस्था वर्षो से खराब है। भीषण गर्मी और उमस की वजह से विद्यार्थियों का असहज वातावरण में पढ़ाई करने के विवश होना पड़ रहा है। जिससे उनकी एकाग्रता और प्रदर्शन प्रभावित हो रहा है।
NSUI ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय छात्रों से विभिन्न मदों में शुल्क तो तत्परता से वसूलता है लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने में पीछे हट जाता है। एनएसयूआई ने सवाल उठाया है कि जब छात्र नियमित रूप से फीस जमा कर रहे हैं तो उन्हें बेहतर अध्ययन का वातावरण प्रदान करता विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी क्यों नहीं है।
NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लाइब्रेरी की ऐ सी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो NSUI सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक लाभ से जुड़ा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकारों और उनकी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित है। NSUI पदाधिकारियों ने दोहराया कि वे छात्रों की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।
NSUI का कहना है कि सेंट्रल लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं और विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र है। ऐसे में ऐ सी व्यवस्था का लंबे समय से खराब रहना विद्यार्थियों की परेशानी को और बढ़ा रहा है।

