स्टीमर का इंजन बंद हुआ तो बह गया स्टीमर, रेस्क्यू टीम ने सभी यात्रियों का बचाया

मुरैना. पोरसा इलाके के नगरा साहसपुर घाट से यूपी के बटेश्वर महादेव मंदिर जा रहे यात्रियों से भरा स्टीमर रविवार की सुबह चम्बल नदी के बीच अचानक खराब हो गया था। स्टीमर में 100 से अधिक यात्री और 50 से ज्यादा बाइकें सवार थी। इंजन बंद होने के बाद स्टीमर तेज बहाव के साथ बहने लगा था। जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी थी।
यात्रियों के अनुसार स्टीमर के इंजन का डीजल खत्म हो गया था इस कारण से इंजन बंद हो गया और स्टीमर नदी की धार के साथ बहने लगा। एक यात्री ने बताया था कि स्टीमर के पंखें में कपड़ा फस गया था। इसी बीच डीजल भी खत्म हो गया था।
नदी के तेज बहाव में बहा स्टीमर
इंजन बंद होने के बाद से स्टीमर को काबू करना मुश्किल हो गया था। तेज बहाव की वजह से स्टीमद नदी की धार के साथ बहते हुए भिंड जिले की सीमा की ओर पहुंच गया। स्टीमर स्टाफ ने बल्लियों के सहारे उसे किनारे लगाने का प्रयास किया गया। अब इस मामले में राहत भरी खबर सामने आयी है। भिंड जिले के अटेर स्थित कच्छपुरा में स्टीमर को सुरक्षित किनारे लगा दिया गया है। स्टीमर में सवार सभी यात्री सुरक्षित है।
स्टीमर संचालन पर उठे सवाल
घटना के बाद स्टीमर में सवार यात्रियों ने संचालन में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। यात्रियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों को लेकर चल रहे स्टीमर में डीजल खत्म होना और बीच नदी में इंजन बंद होना गंभीर लापरवाही है। हालांकि, राहत की बात यह है कि स्टीमर को सुरक्षित किनारे लगा दिया गया है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने बताया कि स्टीमर में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

