हरियाली अमावस्या पर एक साथ 5000 पौधे रोपकर ओढ़ाई हरीतिमा की चादर 

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बनाई मानव श्रृंखला 
ग्वालियर -पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर ग्वालियर में विशाल पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगणों, वरिष्ठ अधिकारियों, आमजनों, समाजसेवी संस्थाओं व शैक्षणिक संस्थानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आगरा-झांसी बायपास स्थित रमौआ बांध के समीप बन रहे नवीन ई-बस स्टैंड एवं होटल मैरियट के पास “एक पेड़ माँ के नाम” एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से एक ही दिन में साझा प्रयासों से लगभग 5000 पौधे रोपे गए।
इस दौरान “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत जनप्रतिनिधिगणों, आम नागरिकों, विद्यार्थियों और अधिकारियों ने एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर घर-घर में तिरंगा लहनाने का संदेश दिया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण और देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि हरियाली अमावस्या का यह पर्व हमें सीधे प्रकृति से जोड़ता है। जिला प्रशासन और नगर निगम के साथ मिलकर आमजनों, युवाओं और बच्चों ने जिस उत्साह के साथ इस महाअभियान में सहभागिता की है, वह प्रशंसनीय है। आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा और बेहतर पर्यावरण देने के लिए ऐसे वृहद पौधरोपण अभियान अत्यंत आवश्यक हैं। प्रशासन इस क्षेत्र को एक सुंदर ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
छायादार और फलदार पौधे रोपे 
प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने और स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस अभियान में नीम, शहतूत, आम, जामुन, अमरूद, कटहल, बरगद और पीपल जैसे पारंपरिक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में इनकी भी रही सहभागिता 
इस पौधरोपण अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, समाजसेवी संस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों ने उत्साहपूर्वक भाग वरिष्ठ समाजसेवी अंजलि बत्रा, अजय तिवारी, तृप्ति भटनागर, हरिओम गौतम, दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारा से एसएच कोचर, ब्रह्मकुमारी संस्था से प्रहलाद भाईजी उपस्थित रहे। साथ ही जन अभियान परिषद, मोनिका डांस अकैडमी, पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल, आदित्य वर्ल्ड स्कूल, जीनियस पब्लिक स्कूल, न्यूटेरिक वर्ल्ड स्कूल, आईटीएम यूनिवर्सिटी, पवन दीक्षित, प्रमोद धनेले, ज्योति भावना समिति, नेहरू युवा केंद्र व पुष्पा महिला मंडल के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन विजेता सिंह द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *