हमारे शिक्षक एप ई-अटेंडेंस करने में उलझे 8 हजार लिपिक, एप ने अवकाश के दिन किया गैर हाजिर

भोपाल. स्कूल शिक्षा विभाग ने 1 जुलाई 2026 से लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों की उपस्थिति भी ‘हमारे शिक्षक’ एप से दर्ज करने के निर्देश दिये है। लेकिन इससे नयी विसंगति सामने आयी है। मध्यप्रदेश के 8 हजार लिपिकों का कार्य सप्ताह सोमवार-शुक्रवार है। जबकि एप् में 6 दिन उपस्थिति अनिवार्य शो कर रहा है। नतीजतन शनिवार को अवकाश होने पर भी कई कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज हो गयी है। कर्मचारियों ने संकुल प्राचार्यो व जिला शिक्षा अधिकारियों से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है।
5 दिन की ड्यूटी, एप मांग रहा 6 दिन
लोक शिक्षण संचालनालय के आदेश के बाद लिपिक संवर्ग की उपस्थिति ‘हमारे शिक्षक’ एप से दर्ज की जा रही है, लेकिन इसमें तकनीकी विसंगति सामने आई है। विभागीय कार्यालयों में पदस्थ लिपिकों के लिए शनिवार अवकाश दिख रहा है, जबकि हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के संकुल केंद्रों में कार्यरत लिपिकों के लिए शनिवार कार्यदिवस प्रदर्शित हो रहा है।
इससे अवकाश के दिन भी अनुपस्थित दर्ज होने की स्थिति बन रही है। लिपिक संवर्ग का कहना है कि सामान्य प्रशासन विभाग के 20 दिसंबर 2022 के आदेश के अनुसार शासकीय कार्यालयों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। वहीं, शिक्षकों और लिपिकों की सेवा शर्तें व अवकाश नियम अलग-अलग हैं। ऐसे में शिक्षकों के लिए विकसित मॉड्यूल से उपस्थिति दर्ज होने पर रिकॉर्ड में गड़बड़ी की आशंका है। कर्मचारियों ने एप में अलग व्यवस्था की मांग की है। विभाग का कहना है कि यह तकनीकी खामी है और इसे जल्द ठीक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *