चरित्र शक में पत्नी की पति ने गला घोंटकर की हत्या, पत्नी ई-रिक्शा चलाकर घर खर्च चला रही थी

घटनास्थल पर पहुंचकर घर के बाहर जांच करते पुलिस अधिकारी।

ग्वालियर. हजीरा थाना इलाके स्थित आरामील इलाके में बुधवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पति ने अपनी 33 वर्षीय पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी है। घटना का अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया है कि आरोपी की तलाश के लिये आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तलाशी जा रही है।
मृतिक की पहचान 33 वर्षीय आरती के तौर पर की गयी है। ऐसा बताया जा रहा है कि आरती पिछले 2-3 माह से अपने पति धमेन्द्र दोहरे से विवाद चलते अलग रह रही थी। वह अपने देवर संजू (पति के बुआ के बेटे) और अपने 2 बेटों के साथ आरामील इलाके में किराये के कमरे में रह रही थी। पति से अलग होने के बाद आरती ई-रिक्शा चलाकर अपने दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। वह मकान मालिक के रिश्तेदार उषा तोमर की ई-रिक्शा चलाती थी और उसकी से अपनी घर खर्च चला रही थी।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दोपहर करीब 1 बजे के बाद टमटम मलिक उषा तोमर किराए के कमरे पर पहुंचीं। उन्होंने देखा कि कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। जब उन्होंने कुंडी खोलकर अंदर देखा तो आरती मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके गले पर गला घोंटने के स्पष्ट निशान थे। यह देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *