आईजी ने किया पुलिस अधीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण
ग्वालियर – पुलिस महानिरीक्षक अरविन्द कुमार सक्सेना ने सोमवार को ग्वालियर के वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय ग्वालियर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की सभी शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा प्रशासनिक कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के प्रारंभ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिस महानिरीक्षक का स्वागत किया। इसके उपरांत पुलिस गार्ड द्वारा सलामी दी गई। पुलिस महानिरीक्षक ने गार्ड का निरीक्षण कर उनके उत्कृष्ट टर्नआउट एवं अनुशासन की सराहना करते हुए पुरस्कार देने की घोषणा की। कार्यालय में लंबित शिकायतों, कर्मचारियों से संबंधित प्रकरणों तथा विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की।
अपराध एवं स्थापना संबंधी शाखाओं का निरीक्षण
ओएम शाखा का निरीाण कर जिले के अपराध रिकॉर्ड के संधारण की समीक्षा की तथा अपराधों का नियमित एवं अद्यतन इन्द्राज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अवकाश शाखा, आंकिक स्थापना शाखा एवं स्थापना शाखा का निरीक्षण कर पुलिस बल की वर्तमान स्थिति, इंक्रीमेंट, क्रमोन्नति तथा लंबित अनुकंपा नियुक्ति संबंधी प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
सेवा पुस्तिका, वेतन, जीपीएफ एवं पेंशन प्रकरणों की समीक्षा
सेवा पुस्तिका शाखा में अधिकारी एवं कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों का अवलोकन किया तथा समय-सीमा में आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विविध शाखा, वेतन शाखा, आवक-जावक शाखा, एसी-प्रथम, एसी-द्वितीय एवं जीपीएफ शाखा का निरीक्षण कर पेंशन प्रकरणों एवं लंबित कंडिकाओं के शीघ्र निराकरण पर भी विशेष बल दिया। इस दौरान आरटीआई, जिला विशेष शाखा में पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन आदि का भी निरीक्षण किया गया।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश – वार्षिक निरीक्षण के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर स्थित पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सुजावल जग्गा, अति सुमन गुर्जर, जयराज कुबेर, डीएसपी मुख्यालय रोबिन जैन, रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार सहित पुलिस अधिकारी एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।

