सहायक कुल सचिव के कक्ष पर लिखा था चोर, NSUI छात्रनेता पर एफआईआर दर्ज
ग्वालियर: जीवाजी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में अधिकारियों के कक्षों और शासकीय संपत्ति पर आपत्तिजनक शब्द लिखने तथा कार्यालयीन कार्य में बाधा डालने के आरोप में विश्वविद्यालय पुलिस ने एनएसयूआई छात्रनेता राजवंश पंडित के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत सहायक कुलसचिव (प्रशासन) कुलदीप सिंह चौहान ने दर्ज कराई है। पुलिस ने छात्र नेता के खिलाफ बीएनएस की धारा 132 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कुलसचिव ने बताया कि 9 जून की शाम लगभग 4:40 बजे राजवंश पंडित प्रशासनिक भवन स्थित सहायक कुलसचिव के कक्ष क्रमांक-110 के बाहर पहुंचा और दरवाजे पर काली स्याही से आपत्तिजनक टिप्पणियां लिख दीं। राजवंश ने खुद को किंग बताते हुए कक्ष के बाहर की दीवार पर “चोर” भी लिखा था। विवि प्रशासन का कहना है कि घटना के दौरान कई कर्मचारी काम छोड़कर बाहर निकल आए, जिससे कार्यालयीन कार्य प्रभावित हुआ। शिकायत में यह आरोप लगाया गया है कि आरोपी उन प्रतिबंधित कक्षों तक पहुंच गया, जहां विवि के दस्तावेज सुरक्षित रखे हैं और सामान्य लोगों का प्रवेश वर्जित है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
पहले भी दर्ज हो चुकी है एफआईआर
शिकायत में उल्लेख किया है कि राजवंश पंडित का नाम पहले भी एक अन्य प्रकरण में सामने आ चुका है। प्रशासन के अनुसार विश्वविद्यालय में कार्यरत रहे कर्मचारी सुनील सिंह चौहान से जुड़े आगजनी के मामले में भी उनके खिलाफ पूर्व में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

