ग्वालियर में बैटरी कारोबारी का शव ऑफिस में मिला, शव के पास मिली अवैध पिस्टल
ग्वालियर. बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार तड़के बैटरी कारोबारी का शव उनके किराए के गोदाम के ऑफिस में मिला। कारोबारी के सिर में गोली लगी थी और उसके पास 32 बोर की अवैध पिस्टल पड़ी हुई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार शिवम गुप्ता (32) मंगलवार को रोज की तरह काम के लिए घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में निकल पड़े।
मौके से अवैध पिस्टल और मृतक का मोबाइल जब्त किया
रात करीब 3 बजे परिजन बहोड़ापुर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग नंबर-6 में बने गोदाम पहुंचे। गोदाम के अंदर बने ऑफिस का दरवाजा खोलते ही शिवम खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके सिर में गोली लगी हुई थी। सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से अवैध पिस्टल और मृतक का मोबाइल जब्त किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
शिवम बैटरी का कारोबार करता था
बताया जा रहा है कि शिवम अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और बैटरी का कारोबार करते थे। परिवार के अनुसार वह सामान्य रूप से काम पर गए थे और उन्होंने किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। ऐसे में उनकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी- पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शिवम ने यह कदम क्यों उठाया। उनके मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी बार किससे बातचीत हुई थी, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन घटनास्थल से अवैध पिस्टल मिलने के कारण पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

