Newsमप्र छत्तीसगढ़

ST के रामलाल रौतेल, SC के आयोग के अध्यक्ष कैलाश जाटव, CM की स्वीकृति के बाद आदेश जारी, बाल और महिला आयोग के अध्यक्षों के नाम भी तय

भोपाल. मप्र अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। पूर्व विधायक कैलाश जाटव को अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अनुसूचित जनजाति का आयोग के अध्यक्ष के तौर पर पूर्व विधायक रामलाल रौतेल की नियुक्ति की गयी है। गुरूवार की शाम को सरकार ने आदेश भी जारी कर दिये है। सीएम मोहन यादव ने इन नामों को हरी झंडी दे दी थी। इसके अलावा राज्य महिला आयोग और बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति का रास्ता भी साफ हो गया है। एक या दो दिन में घोषणा होने की संभावना है।


अनुसूचित जाति आयोग में एक अध्यक्ष 2 सदस्य
अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष के लिये पूर्व विधायक कैलाश जाटव की नियुक्ति हो गयी है। वहीं सदस्यों के तौर पर रामलाल मालवीय और बारेलाल अहिरवार के नाम है। जाटव अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके है। वर्ष 2013 में वह पहली बार नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव सीट से विधायक चुने गये थे। वर्ष 2018 में वह इसी सीट से दूसरा चुनाव हार गये थे। पार्टी ने 2023 में उन्हें टिकट नहीं दिया और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया था।
6 साल बाद राज्य महिला आयोग में नियुक्ति
सरकार आठ साल से खाली पड़े राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष और दो सदस्यों की भी नियुक्ति करने जा रही है। पूर्व विधायक रेखा यादव को महिला आयोग का अध्यक्ष बनाने पर सहमति बनी है। वहीं पूर्व विधायक साधना स्थापक और ग्वालियर की पूर्व मेयर समीक्षा गुप्ता को सदस्य बनाया जा सकता है। साल 2020 में कमलनाथ सरकार के गिरने के बाद राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष का पद कानूनी पचड़े में फंस गया था। तत्कालीन अध्यक्ष शोभा ओझा और सदस्यों को उस समय शिवराज सरकार ने हटा दिया था। इस फैसले को चुनौती देते हुए सदस्यों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
बाल संरक्षण आयोग में अध्यक्ष के साथ 4 सदस्य
इसके अलावा बाल संरक्षण आयोग के लिए भी अध्यक्ष और सदस्यों के नाम पर सहमति बन चुकी हैं। डॉ. निवेदिता शर्मा को अध्यक्ष बनाया जाएगा। वो पहले से ही बाल संरक्षण आयोग की सदस्य हैं। उनके अलावा सोनम निनामा, अर्चना गुप्ता, मोनिका बट्टी और सीमा सिंह को सदस्य बनाने पर सहमति बनी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *