ओला प्रभावित ग्रामों में प्रारंभिक सर्वेक्षण हेतु कलेक्टर ने किया दल गठित
ग्वालियर -भितरवार अनुभाग क्षेत्र के ग्रामों में 2 व 3 फरवरी की रात में ओलावृष्टि हुई है। इससे प्रथम दृष्टया फसल हानि होना संभावित है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने भितरवार अनुभाग की तहसील चीनौर के ग्राम चीनौर, बड़कीसराय, सिकरौदा, खुर्दपार्क, जुझारपुर, भौरी एवं कछौआ में प्रथम दृष्टया फसल हानि के विस्तृत सर्वेक्षण हेतु तहसील चीनौर के अंतर्गत सर्वेक्षण दल गठित करने के आदेश जारी किए हैं।
ओलावृष्टि के कारण फसल हानि के सर्वेक्षण के लिये सर्वेक्षण दल में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भितरवार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी भितरवार एवं तहसीलदार चीनौर को रखा गया है। सर्वेक्षण दल को निर्देशित किया गया है कि राजस्व विभाग की ओर से राजस्व निरीक्षक, पटवारी, कृषि विभाग से आरएईओ तथा जनपद पंचायत की ओर से सचिव को सम्मिलित करते हुए सर्वेक्षण दल गठित कर तीन दिवस में फसल हानि से संबंधित प्रतिवेदन भू-अभिलेख शाखा को भेजना सुनिश्चित करें।
सोमवार की देर रात हुई ओलावृष्टि से प्रभावित ग्राम कछौआ और चीनौर एवं जुझारपुर गांव में जिला प्रशासन की टीम द्वारा फसलों को हुए नुकसान के प्रारंभिक आंकलन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही सर्वेक्षण दल द्वारा अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी सर्वेक्षण की कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित समय-सीमा में सभी प्रभावित ग्रामों में प्रारंभिक सर्वेक्षण का कार्य कर लिया जायेगा।

