भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं एसआईआर के राष्ट्रीय प्रभारी तरूण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने ग्वालियर में संभागीय बैठक को किया संबोधित
-एसआईआर लोकतंत्र की मजबूती का सबसे प्रभावी साधन
-कार्यकर्ता एसआईआर प्रक्रिया में पूर्ण मनोयोग के साथ जुट जाएं
ग्वालियर – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं एसआईआर के राष्ट्रीय प्रभारी तरूण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रविवार को ग्वालियर के आकाशवाणी तिराहा स्थित होटल में ग्वालियर-चंबल संभाग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआरआई) को लेकर आयोजित संभागीय बैठक को संबोधित किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। एसआईआर एक पूरी तरह सामान्य, नियमित और संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका पालन हर सरकार, चाहे किसी भी दल की हो अनिवार्य रूप से करती है। एसआईआर लोकतंत्र की मजबूती का सबसे प्रभावी साधन है, इसलिए कार्यकर्ताओं को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ जुटना हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि एसआईआर कोई साधारण या एक दल से संबंधित प्रक्रिया नहीं है, बल्कि वर्ष 2028 के चुनाव में भाजपा की जीत और हार को निर्णायक रूप से प्रभावित करने वाला सबसे महत्वपूर्ण चुनावी सफलता की कुंजी है। संगठन की शक्ति और 2028 की जीत, दोनों का आधार एसआईआर है। मतदाता सूची की एक गलती से परिणाम बदल सकते है, इसलिए कार्यकर्ता एसआईआर को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य में जुट जाएं। विधानसभा चुनाव 2028 एवं लोकसभा चुनाव की प्रचंड जीत का आधार, बूथ मजबूती और बीएलए की सक्रिय भूमिका रहेगी। बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की तासीर ही ऐसी है कि यहाँ भाजपा का काम हर क्षेत्र में उत्कृष्ट रहता है और संगठन हर चुनौती को अवसर में बदलने की क्षमता रखता है। एसआईआर कोई साधारण या एक दल से संबंधित प्रक्रिया नहीं है, बल्कि वर्ष 2028 के चुनाव में भाजपा की जीत और हार को निर्णायक रूप से प्रभावित करने वाला सबसे महत्वपूर्ण कारक है। वर्ष 2028 की चुनावी सफलता के लिए जितनी अधिक गंभीरता अभी दिखाई जाएगी, सफलता उतनी ही सुनिश्चित होगी।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। एसआईआर को पूरी गंभीरता से लागू कर मेरा बूथ सबसे मजबूत बनाने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की है। बैठक को एसआईआर समिति के प्रदेश संयोजक व विधायक श्री भगवानदास सबनानी ने भी संबोधित किया।
भाजपा का उद्देश्य मात्र सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनसेवा है- तरूण चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक कार्यकर्ता को वोट देने का अधिकार सुनिश्चित करना अत्यधिक जरूरी है और इसी मतदान व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसआईआर की प्रक्रिया की आवश्यकता पड़ती है। यह केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गंभीर जिम्मेदारी है। इसलिए हर कार्यकर्ता को इसे अत्यंत गंभीरता, प्रतिबद्धता और पूर्ण दक्षता के साथ पूरा करना है। मध्यप्रदेश और गुजरात के भाजपा कार्यकर्ता हमेशा से संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने, बूथ प्रबंधन मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाते आ रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि विधायकगण अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर उपस्थिति बनाए रखें, बूथ स्तर तक निगरानी रखें और एसआईआर की प्रगति पर नियमित बैठकें आयोजित करें। यह सिर्फ एक प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक ज़िम्मेदारी है जो भविष्य की चुनावी जीत को तय करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को यदि एसआईआर प्रक्रिया में कोई समस्या आए, चाहे वह तकनीकी हो, समन्वय से संबंधित हो या प्रशासनिक, तो वे तुरंत अपने संभाग प्रभारी से संपर्क करें। समस्या निवारण और मार्गदर्शन के लिए पार्टी की पूरी व्यवस्था कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है। उन्होंने बीएलए की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रत्येक बीएलए-1 अपने क्षेत्र के बीएलए-2 के साथ लगातार संवाद में रहे, बूथ-दर-बूथ समीक्षा करें और आवश्यक दस्तावेजों की सत्यता की जाँच करें। बैठक में आभार जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने माना एवं संचालन जिला महामंत्री विनय जैन ने किया।

