भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी में आदिवासी और दलित होंगे पॉवरफुल, सिंधिया खेमे से प्रभुराम और सीएम के नजदीकी प्रभुलाल महामंत्री की रेस में
भोपाल. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम की घोषणा कभी भी हो सकती है। टीम हेमंत में दलित और आदिवासी वर्ग पॉवरफुल भूमिका में होगा। प्रदेश महामंत्री के लिये सिंधिया खेमे से पूर्व मंत्री प्रभुराम चौधरी का नाम है। वहीं सीएम के नजदीकी प्रभुलाल जाटव का भी नाम प्रदेश महामंत्री के लिये प्रस्तावित है। अंतिम मुहर दिल्ली में नाम फायनल होने के बाद ही लगेगी और इसी हफ्ते में सूची जारी होने की संभावना है। टीम हेमंत में मौजूदा प्रदेशमंत्री राहुल कोठारी का प्रमोशन तय माना जा रहा है। राहुल कोठारी प्रदेश के प्रवक्ता भी रह चुके हैं और सीएम के नजदीकी है।
सोलंकी और टेकाम को मिल सकता है मौका
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में विधायक कुंवरसिंह टेकाम और राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी में से किसी एक को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। रामलाल रौतेला को भी टीम में समाहित किया जा सकता है।
सबसे ज्यादा जोर कार्यालय प्रभारी के लिए
बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी में सबसे ज्यादा रेस कार्यालय प्रभारी के लिए चल रही है। विजय दुबे, आशुतोष तिवारी और श्याम महाजन, सत्येंद्र भूषण सिंह के नाम कार्यालय प्रभारी के लिए चर्चा में हैं। वीडी शर्मा के साथ टीम में शामिल हुईं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार प्रदेश महामंत्री हैं। कविता की जगह विधायक ललिता यादव या सांसद लता वानखेड़े को मौका मिल सकता है।

