महाराज बाड़ा पर ट्रैफिक जाम में फंसे एसएसपी, टीआई लाइन अटैच

+ग्वालियर. धनतेरस की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार रात एसएसपी धर्मवीर सिंह अचानक महाराज बाड़ा पहुंचे और दौलतगंज में ट्रैफिक जाम में फंस गए। एसएसपी ने देखा कि मौके पर कोई भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और दोपहिया वाहन रॉन्ग साइड से आ-जा रहे थे। वहीं एक कार सड़क के बीच खड़ी है। एसएसपी कार के पास पहुंचे तो देखा कि कार में तिघरा थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा अपने स्टाफ के साथ सिविल ड्रेस में मौजूद हैं। एसएसपी ने उनसे सवाल किया कि बिना ड्यूटी और अनुमति के वे इस क्षेत्र में क्यों खड़े हैं और कार बीच सड़क पर क्यों पार्क की गई है। टीआई जवाब नहीं दे सके। एसएसपी ने टीआई को लाइन अटैच कर दिया।
टीआई को लगाई फटकार
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने टीआई को फटकार लगाते हुए कहा कि जब पुलिस खुद सड़क पर गलत पार्किंग करेगी तो आम लोगों से यातायात नियमों के पालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है। इस दौरान एसएसपी ने यह भी पाया कि महाराज बाड़ा चौकी के पास हनुमान मंदिर के सामने रॉन्ग साइड वाहनों को रोकने के लिए बैरिकेड्स तो लगे हैं, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। उन्होंने तत्काल वहां पर स्टाफ तैनात करने के निर्देश दिए।
बड़ी संख्या में पार्क रहते हैं अफसरों के निजी वाहन
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पाया कि सराफा बाजार की मुख्य सड़क पर शाम से रात तक बड़ी संख्या में वाहन पार्क रहते हैं, जिनमें आधे से ज्यादा वाहन अफसरों के निजी वाहन हैं। इन वाहनों की वजह से दीपावली सीजन में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। एसएसपी ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी वाहनों को तत्काल सड़क से हटाया जाए और पार्किंग व्यवस्था सख्ती से लागू की जाए।
चेतावनी-लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धनतेरस और दीपावली के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिस क्षेत्र में जाम या भीड़ नियंत्रण की कमी पाई जाएगी, वहां के जिम्मेदारों पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।

