मुख्यमंत्री ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की

ग्वालियर – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रविवार 12 अक्टूबर को अल्प प्रवास (ट्रांजिट विजिट) पर ग्वालियर आगमन हुआ। ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर पहुँचने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले राजमाता स्व. विजयाराजे सिंधिया को नमन किया। उन्होंने टर्मिनल परिसर में स्थापित राजमाता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। त्याग, करुणा व समर्पण की प्रतीक एवं दीन-दुखियों की मदद के लिये सदैव तत्पर रहीं राजमाता स्व. विजयाराजे सिंधिया की आज 106वी जन्म जयंती है। राजमाता को श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री विमानतल से हेलीकॉप्टर द्वारा श्योपुर के लिए रवाना हुए।
ग्वालियर विमानतल पर भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया तथा अभय चौधरी, अनिल सांखला, विनय जैन, मधुसूदन सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। मुख्यमंत्री के प्रस्थान के समय बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।
