वैष्णो देवी के अर्धकुमारी में लैंडस्लाइड, 31 की मौत,23 घायल, जम्मू-कटरा हाईवे बंद, 22 ट्रेनें भी रद्द
जम्मू कश्मीर. वैष्णो देवी यात्रा मार्ग में अर्धकुमारी के पास लैंडस्लाइड में 31 लोगों की मौत हो गई जबकि 23 घायल हैं। घायलों को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर कटरा ले जाया गया है। खराब मौसम की वजह से वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई थी। वैष्णो देवी से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर काफी दूर तक लैंडस्लाइड का मलबा फैला हुआ है। इधर, जम्मू में तवी नदी पर बने पुल के पास सड़क धंस गई। हादसे में कई गाड़ियां गिर गईं। पुलिस रेस्क्यू के लिए पहुंच गई है। अभी नुकसान को लेकर अपडेट नहीं आया है।

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को कई जगहों पर बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इसमें 10 से 15 घर बह गए। डोडा में पिछले 24 घंटे के दौरान 4 लोगों की मौत हुई है। जम्मू-कश्मीर में लगातार तीन दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जम्मू-श्रीनगर और बटोटे-किश्तवाड़ सहित कई नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें बंद हैं। बुधवार को सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी ऑफिस बंद रहेंगे। जम्मू एयरपोर्ट भी बंद कर दिया गया है। नेटवर्क न होने की वजह से फोन कॉल नहीं हो पा रही है।
