ग्वालियर में इंडिगो की उड़ानें तीसरे दिन भी रद्द, 7 दिसंबर को मुंबई का टिकट 70 हजार के पार
ग्वालियर. राजमाता विजयाराजे सिंधिया टर्मिनल से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानें लगातार तीसरे दिन भी रद्द होने से यात्री परेशान हैं। फ्लाइट्स रद्द होने का सबसे बड़ा असर किराए पर पड़ा है, जो रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। शुक्रवार को दिल्ली-ग्वालियर और मुंबई-ग्वालियर की हवाई सेवा रद्द रही, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आलम यह हो गया है कि 7 दिसंबर को ग्वालियर से मुंबई का एक तरफा किराया 70,217 रुपए के लगभग पहुंच गया है। आमतौर पर इन शहरों के बीच का टिकट 6 से 7 हजार रुपए में बुक हो जाता था, यानी किराए में 10 गुना से अधिक का उछाल आया है। वहीं, ग्वालियर से बेंगलुरु की फ्लाइट शुक्रवार को आई, लेकिन 7 दिसंबर को बेंगलुरु का किराया भी 19,966 रुपए पहुंच गया है। एक साथ इतना किराया बढ़ते ही अब आम यात्री फ्लाइट से जाने के बारे में सोचने से भी कतराने लगे हैं। चिंताजनक बात यह भी है कि रविवार को दिल्ली की कोई भी फ्लाइट अभी तक दिखाई नहीं दे रही है, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ने वाली है।
दिल्ली-मुंबई के लिए ट्रेनों में तत्काल की दौड़
इंडिगो की उड़ानों के लगातार रद्द होने और देरी से चलने के कारण यात्रियों ने तेजी से रेलवे का रुख किया है। ग्वालियर से मुंबई व दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में टिकटों की मांग अचानक आसमान छू गई है। लंबी दूरी की यात्रा के लिए तत्काल बुकिंग में भारी बढ़ोतरी हुई है। रात को दिल्ली जाने वाली किसी भी ट्रेन में तत्काल में भी जगह नहीं मिल रही है। यहीं हाल मुंबई जाने वाली ट्रेनों का भी है। इसके बावजूद भी यात्री किसी भी तरह अपना टिकट बुक कराने के लिए दौड़ लगाने में लगे हुए हैं।





