MP में जल्द बदलेगा बीजेपी संगठन का नेतृत्व, शेजवलकर चुनाव अधिकारी नियुक्त

भोपाल. 2 सितंबर से 15 अक्टबर तक बीजेपी का सदस्यता अभियान दो चरणों में पूरा हो चुका है। 15 अक्टूबर से सक्रिय सदस्यता अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं इसके बाद अब संगठन चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। संगठन चुनाव के लिए ग्वालियर के पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर को प्रदेश चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक जीतू जिराती, विधायक अर्चना चिटनीस, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल और डॉ. प्रभुलाल जाटवा को सह चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। ये चुनाव अधिकारी बूथ समितियों से लेकर मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराएंगे।
आज दिल्ली में बैठक
21 अक्टूबर को दिल्ली में बीजेपी के संगठन चुनाव को लेकर विशेष बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के अलावा प्रदेश चुनाव अधिकारी और चारों सह चुनाव अधिकारी भी शामिल होंगे। इस बैठक में संगठन चुनाव की डेडलाइन मिल सकती है।
वीडी की जगह नए अध्यक्ष की होगी नियुक्ति
बीजेपी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा दूसरे कार्यकाल में काम कर रहे हैं। वीडी के कार्यकाल में संगठन के कामों में प्रदेश अव्वल रहा। वहीं विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी ने रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा कांग्रेस विधायकों के बीजेपी में शामिल होने और लोकसभा चुनाव के पहले बडे़ पैमाने पर सदस्यता का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है। बीजेपी की गाइड लाइन के अनुसार दो बार से ज्यादा कोई अध्यक्ष पद पर नहीं रह सकता, ऐसे में वीडी की जगह नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होगी।
नरोत्तम, भदौरिया, सुमेर, कविता सहित कई दावेदार
बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए बीजेपी के कई दिग्गज लोबिंग कर रहे हैं। इनमें पूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, खरगोन सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, भूपेन्द्र सिंह, राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सौलंकी शामिल है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होने में एक महीने का वक्त लग सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *