जहरीली शराब पीने से अभी तक 37 मौत के बाद जागी पुलिस, 140 ठिकानों पर पुलिस ने की कार्यवाही
नई दिल्ली. बिहार के सीवान, छपरा और गोपालगंज जिलों में जहरीली शराब से अभी तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गयी है। पुलिस ने उत्पाद विभाग की टीम के साथ मिलकर बैकुंठपुर, मांझा और बरौली थाना क्षेत्र के दियारे इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। जिसमें भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की गयी है।
कहां हुई कितनी मौतें?
बिहार में जहरीली शराब पीने की घटनाओं से मृतकों की संख्या बढ़कर 37 हो गयी है। सबसे ज्यादा मौतें सिवान जिले में हुई है। जहां 28 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं छपरा जिले में 7 और गोपालगंज में 2 लोगों की मौत की पुष्टि की गयी है।
ड्रोन कैमरे से 140 ठिकानों से हुई पहचान
एसपी अवधेश दीखित के निर्देश पर दियारे इलाके में ड्रोन कैमरे की मदद से शराब की भट्ठियों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त किया जा रहा है। पुलिस ने अर्धनिर्मित शराब को नष्ट करने के साथ-साथ शराब बनाने वाले उपकरणों, गैस चूल्हों, ड्रम और गैलनों को भी मौके पर नष्ट कर दिया। पुलिस ने अभी तक 140 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। इस बीच 5 हजार लीटर से अधिक देशी शराब को नष्ट किया गया है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

