ग्वालियर शहर में 20 अक्टूबर से दो पालियों में चलेंगे ई-रिक्शे 

गैर पंजीकृत और बिना कलर कोडिंग वाले ई-रिक्शे नहीं चल सकेंगे
ग्वालियर -शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं बेहतर बनाने के लिये अहम निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के तहत शहर में 20 अक्टूबर से दो पालियों में ई-रिक्शा चलेंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह की मौजूदगी में पर्ची डालकर (लॉटरी पद्धति से) ई-रिक्शों के लिए पालियों का निर्धारण किया गया। नन्ही-मुन्नी बालिका कु. जोया द्वारा पर्ची उठाई गई। जिससे तय हुआ कि नीले कलर कोडिंग वाले ई-रिक्शे प्रात: 3 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक चलेंगे और पीले कलर कोडिंग वाले रिक्शे अपरान्ह 3 बजे से प्रात: 3 बजे तक शहर में चलेंगे। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव एवं स्मार्ट सिटी की सीईओ नीतू माथुर भी मौजूद थीं।
रिक्शा चालकों को व्यवसाय के समान अवसर मिल सकें। इस बात को ध्यान में रखकर दो माह बाद अर्थात आगामी 20 दिसम्बर को ई-रिक्शों की पालियाँ बदली जायेंगीं। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बैठक में स्पष्ट किया कि जिन ई-रिक्शों का पंजीयन और कलर कोडिंग नहीं हुई है शहर में ऐसे रिक्शों को चलाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे रिक्शे मिलने पर जब्त कर थाने भेजे जायेंगे। बैठक में बताया गया कि ग्वालियर शहर में अब तक 6 हजार 171 ई-रिक्शा पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें से लगभग 4 हजार 580 ई-रिक्शों की कलर कोडिंग भी की जा चुकी है।
महाराज बाड़े पर लगभग 2 हजार दुपहिया वाहनों के लिए हुई पार्किंग व्यवस्था 
महाराज बाड़े पर पार्किंग की समस्या का समाधान करने के लिये नए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इन पार्किंग स्थलों पर 2 हजार दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसके अलावा एक हजार दुपहिया वाहनों के लिये पार्किंग तैयार की जा रही है। इन पार्किंगों का संचालन नगर निगम द्वारा सशुल्क किया जायेगा। एक बार वाहन खड़ा करने के लिये 10 रूपए निर्धारित किए गए हैं। महाराज बाड़ा पर टाउन हॉल के सामने और भारतीय स्टेट बैंक के समीप दुपहिया वाहनों के लिये पार्किंग निर्धारित की गई हैं। विक्टोरिया मार्केट (जियोलॉजिकल म्यूजियम) के सामने 40 से 50 चार पहिया वाहन की पार्किंग बनाई गई है।
सीसीटीव्ही कैमरे बढ़ाने पर जोर 
शहर में सीसीटीव्ही कैमरों की संख्या बढ़ाने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सीसीटीव्ही कैमरों से यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाने में भी मदद मिलती है। स्मार्ट सिटी की सीईओ ने बैठक में जानकारी दी कि लगभग 300 सीसीटीव्ही कैमरे खरीदने की प्रक्रिया प्रचलन में है। नए सीसीटीव्ही कैमरे शहर के चारों प्रवेश दरवाजों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *