ग्वालियर में एमबीए के छात्र पर बदमाश ने चलाई गोली

ग्वालियर में एमबीए के छात्र पर एक बदमाश ने कट्‌टे से फायर कर दिया। फायर होता देख छात्र नीचे झुक गया और गोली दीवार में जा लगी। आरोपी की तलाश में पुलिस की 2 टीमें दबिश दे रही हैं। घटना बिजौली थाना क्षेत्र के सोनी गांव की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। विवाद के पीछे की वजह शुक्रवार को हुई कहासुनी है। जिसके बाद रविवार को बदमाश ने फायर कर दिया। शुरुआत में मामला संदिग्ध लगने की वजह से सोमवार को पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज किया है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र के सोनी गांव में रहने वाला आकाश राणा (23) एमबीए की पढ़ाई कर रहा है। रविवार को वह अपने दोस्तों के साथ गांव में बैठा था कि तभी मेहरा कॉलोनी निवासी विकास अस्ठाना उर्फ सोफू बाइक से आया। बाइक रोकते ही उसने कमर से कट्टा निकाला और आकाश को निशाना बनाकर गोली चला दी। लेकिन, उसके कट्टा निकालने से पहले ही आकाश सचेत हो गया और उसके गोली चलाते ही वह नीचे झुक गया और गोली पीछे की दीवार में जा लगी। आकाश और उसके साथी कुछ समझते, उससे पहले ही आरोपी विकास अपनी बाइक से भाग निकला। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी पर हत्या के प्रयास की धारा में मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *