MP में कर्मचारियों को तगड़ा झटका, वेतन में होगी कटौती

भोपाल. मध्य प्रदेश में कर्मचारियों को सरकार ने तगडा झटका दिया है। कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जा रही है। राज्रू का वित्त विभाग यह कटौती कर रहा है। प्रदेश के वन विभाग के कर्मचारियों के वेतन से ये कटौती की जा रही है। विभाग के कुछ कर्मचारियों के वेतन में तो जबर्दस्त कटौती होगी। इनके वेतन खातों में से हर माह कटौती कर 5 लाख रुपए तक की वसूली की जानी है। हालांकि वित्त विभाग के इस आदेश का जोरदार विरोध किया जा रहा है। मप्र वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण कर्मचारी संघ ने इसके विरोध में ज्ञापन भी सौंपा है। प्रदेश के वन विभाग के हजारों वनरक्षकों को 5680 का वेतन बैंड दिए जाने से सन 2006 से 2014 तक प्रति माह 480 रुपए की दर से अतिरिक्त राशि दी गई थी। वित्त विभाग ने इसे अनुचित ठहराते हुए रोक लगा दी है इसके साथ ही विभाग ने वनरक्षकों को दी गई राशि वसूलने के भी निर्देश जारी किए है। इससे वनरक्षकों सहित सभी कर्मचारियों ने गुस्सा जताया है।
इस संबंध में मध्यप्रदेश वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने वन संरक्षक भोपाल वन वृत्त से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल नेताओं ने वनरक्षकों से वसूली के आदेश पर रोक लगाने की मांग की। कर्मचारी नेताओं ने इस संबंध में वनमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा। वित्त विभाग के इस निर्णय के खिलाफ वन कर्मचारी संघ ने हाईकोर्ट जाने की भी बात कही है।
वित्त विभाग के अनुसार प्रदेशभर में 6592 वनरक्षकों से अतिरिक्त राशि की वसूली की जानी है। कुल 162 करोड़ रुपए वसूलने के लिए वित्त विभाग ने हर माह वेतन से राशि काटने के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त राशि के साथ 12 प्रतिशत का ब्याज भी देना होगा। ऐसे में वनरक्षकों को कम से कम 1.50 लाख रुपए से लेकर 5 लाख रुपए तक का झटका लगना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *