जुमे पर देशभर में हाई अलर्ट:सहारनपुर से रांची तक फोर्स की तैनाती बढ़ी, सोशल मीडिया पर खास निगरानी

नई दिल्ली. आज जुमा है इसे लेकर देशभर में हाईअलर्ट है। दरअसल, बीते दो हफ्तों से दंगाई हिंसा फैला रहे हैं। तीन और 10 जून को शुक्रवार की नमाज के दौरान हालात बेकाबू हो गए थे। इसे देखते हुए पुलिस, PAC और RAF को अलर्ट पर रखा गया है। उत्तरप्रदेश, बिहार और झारखंड में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यूपी में निगरानी के लिए हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया जाएगा। बुधवार को इसके लिए प्रेजेंटेशन भी हो चुका है। प्रेजेंटेशन के दौरान बताया गया था कि बेहतर पुलिसिंग, नए एक्सप्रेस-वे को कवर देने और जरूरत के समय आपदा प्रबंधन के लिए मल्टी यूज कॉमर्शियल हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा सकता है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने भी दंगा नियंत्रण, पुलिसिंग, पर्यटन, आपदा और मेडिकल सेवाओं में हेलिकॉप्टर को सुविधाजनक माना है।

ये है तैयारी
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया- शुक्रवार के लिए इस बार विभिन्न जिलों में पीएसी की 130 और आरएएफ की 10 कंपनियां लगाई गई हैं। जिन जिलों में विरोध प्रदर्शन की आशंका है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जोन और रेंज स्तर पर पीएसी व पुलिस बल भी उपलब्ध रहेगा।उन्होंने बताया कि पश्चिमी यूपी में विशेष सतर्कता रहेगी। संवेदनशील स्थानों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। अब तक नौ जिलों से 357 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से प्रयागराज में 97, सहारनपुर में 85, हाथरस में 55, अंबेडकरनगर में 41, मुरादाबाद में 40, फिरोजाबाद में 20, लखीमपुर में 8, अलीगढ़ में 6 और जालौन में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *