कांग्रेस नेता की सरेराह पिटाई, 2 लाख रु. हड़पने का आरोप, बीच सड़क पर पीटा और कपड़े भी फाड़ दिए

दतिया.  पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश झा पर लक्ष्मण ताल निवासी विनीत विश्वकर्मा नामक व्यक्ति ने शासकीय ठेका दिलाने के नाम पर दो लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। यही नहीं, कांग्रेस नेता के साथ गुरुवार को सुबह झांसी चुंगी हाईवे पुल के नीचे लात घूसों से मारपीट भी की गई और कपड़े भी फाड़ दिए इसके बाद कोतवाली में झा के खिलाफ आवेदन देकर शिकायत भी की गई। पुलिस ने आवेदन की जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार को सुबह पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष झा को कुछ लोगों ने हाईवे पुल के पास रोक लिया और बुरी तरह पीटा। मारपीट में झा के कपड़े भी फट गए। इसके बाद एक आवेदन लक्ष्मण ताल निवासी विनीत ने कोतवाली में दिया। आवेदन में बताया कि पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष झा ने जनवरी 2019 में विनीत विश्वकर्मा से शासकीय ठेका दिलाने के लिए दो लाख रुपए लिए थे, लेकिन आज तक न ठेका दिलाया न पैसे वापस किए। पैसे मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। आवेदक ने बताया कि गुरुवार को वह सुरेश झा के घर पैसा मांगने पहुंचा तो उसके साथ झा व उसके लड़के ने गाली गलौज कर मारपीट कर धमकी दी और कहा कि कोई पैसा नहीं देंगे।

पहले दर्ज हो चुका है ठगी व यौन शोषण का केस
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष झा पर यह पहला आरोप नहीं है। इससे पहले अक्टूबर 2019 में जब झा शहर अध्यक्ष थे और कमलनाथ सरकार थी, तब कांग्रेस की ही महिला पदाधिकारी ने 17 लाख रुपए ठगने और झांसे में रखकर दुष्कर्म करने का प्रकरण दर्ज कराया था। झा इस मामले में जेल में भी रहे थे। गुरुवार को झा पर दो लाख रुपए हड़पने का आरोप लगा और इसी को लेकर बीच हाइवे पर कुछ लोगों ने उनको लात घूसों से बुरी तरह पीटा और कोतवाली में आवेदन देकर शिकायत भी की।

मुझे पीटा और मेरे खिलाफ ही शिकायत की
सुबह 10 बजे बृजेश दुबे ने अन्य पांच लोगों के साथ मिलकर कट्‌टा और डंडों से हमारी मारपीट की। हमारा मोबाइल और पांच-छह सौ रुपए भी छीन ले गए। गाड़ी भी तोड़ दी और हमारे खिलाफ ही शिकायत कर दी। अगर हमने रुपए लिए हैं तो दस्तावेज पेश करें। हमने किसी से रुपए नहीं लिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *