कमलनाथ सरकार को 16 मार्च को फ्लोर टेस्ट से गुजरना होगा
भोपाल. मध्य प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच कमलनाथ सरकार को 16 मार्च को फ्लोर टेस्ट से गुजरना होगा। शनिवार की देर रात राज्यपाल लालजी टंडन ने इसके आदेश जारी कर दिए इसके अनुसार सोमवार से शुरू होने वाले बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के तुरंत बाद ही विधानसभा में विश्वास मत पर वोटिंग होगी। आदेश में कहा गया है कि मतदान सिर्फ बटन दबाकर होगा। यह प्रक्रिया इसी दिन पूरी होगी और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
शिवराज सिंह व नरोत्तम ने राज्यपाल से फ्लोर टेस्ट की मांगी की
वहीं शनिवार की शाम को शिवराज सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा और नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव समेत अन्य भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से मिलकर बजट सत्र से पहले फ्लोर टेस्ट की मांगी की थी। इस बीच कांग्रेस ने अपने विधायकों के लिए व्हिप जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ भी शुक्रवार को राज्यपाल से मिल थे इसके बाद उन्होंने कहा फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार हूं लेकिन पहले विधायकों को मुक्त कराएं।
कमलनाथ ने रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई जिसमें सरकार बचाने की रणनीति पर चर्चा होगी। जयपुर में ठहराए गए कांग्रेस विधायक रविवार सुबह भोपाल लौटेंगे। रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें सभी विधायकों को शामिल होने के निर्देश दिए गए है। जयपुर में ठहरे सभी विधायक रविवार सुबह भोपाल पहुंचेंगे। इस बैठक में सरकार बचाने की रणनीति पर चर्चा होगी।
