ग्वालियर से लापता छात्रा इंदौर में मिली, 14 दिन में पुलिस ने खंगाले 125 से ज्यादा CCTV

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के उटीला से कोचिंग के लिए निकली 10वीं की 15 वर्षीय छात्रा के लापता होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 14 दिन तक तलाश के बाद पुलिस ने छात्रा को इंदौर के कृष्णा नगर इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में इंदौर निवासी आरोपी अरुण रमेश को गिरफ्तार किया है। मोबाइल फोन बंद होने और सोशल मीडिया अकाउंट से कोई सुराग नहीं मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से ग्वालियर से इंदौर तक का रूट मैप तैयार किया।

125 से ज्यादा कैमरों की मदद से तैयार किया रूट मैप।
पुलिस में अपहरण की FIR दर्ज कराई गई
जानकारी के अनुसार 30 सितंबर को उटीला निवासी 10वीं की छात्रा रोज की तरह घर से कोचिंग के लिए निकली थी। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस में अपहरण की FIR दर्ज कराई गई। परिजनों ने एक युवक पर संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छात्रा और संदेह के दायरे में आए युवक के मोबाइल नंबर बंद थे। सोशल मीडिया से भी कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। ऐसे में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों की गतिविधियों का पता लगाने की रणनीति बनाई।
रेलवे स्टेशन से मिला पहला सुराग
एसडीओपी बेहट मनीष यादव और उटीला थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह सिसौदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उटीला से ग्वालियर रेलवे स्टेशन तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान छात्रा एक युवक के साथ रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर दिखाई दी। जांच में पता चला कि दोनों ने भोपाल के लिए टिकट लिया था। पुलिस टीम भोपाल पहुंची और वहां के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में दोनों ऑटो से नादरा बस स्टैंड पहुंचते और वहां से इंदौर जाने वाली बस में सवार होते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने इंदौर में उनकी तलाश शुरू की।
देर रात पुलिस ने छात्रा को कराया मुक्त
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने कृष्णा नगर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी अरुण रमेश को पकड़ लिया। आरोपी इंदौर के विजयनगर का निवासी बताया गया है। पुलिस टीम छात्रा और आरोपी को लेकर ग्वालियर लौट आई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तक मिले सुरागों का पीछा करते हुए अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज को आपस में जोड़ा।
पुलिस का बयान
एसडीओपी बेहट मनीष यादव के अनुसार आरोपी ने मोबाइल बंद कर और अन्य डिजिटल सुरागों से दूरी बनाकर पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज को जोड़कर पूरा रूट मैप तैयार किया और इंदौर से छात्रा को बरामद कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *