अपराध करने से पहले दबोचा दूधिया गैंग का सदस्य, मुरैना से आ रहा बदमाश चैकिंग में पकड़ा गया

ग्वालियर. अपराध करने के लिये शहर में दाखिल हो रहे दूधिया गिरोह के एक बदमाश को पुरानी छावनी थाना पुलिस ने चैकिंग में एबी रोड से दबोचा है। पकड़े गये बदमाश से कट्टा और जिन्दा राउंड के साथ ही एक बाइक जब्त की है। पकड़े गये आरोपी पर एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज है और वह दूधिया गैंग के सरगना राहुल दूधिया का भाई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वह किस वारदात को अंजाम देने के लिये आया था। पुलिस उसके मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकाल रही है। जिससे पता चल सके कि वह किस-किस के संपर्क में था।
क्या है मामला
सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि सूचना मिली थी कि मुरैना के रास्ते कुछ बदमाश शहर में एंट्री लेने वाले है। इसका पता चलते ही थाना प्रभारी पुरानी छावनी विनय सिंह तोमर को सूचना की तस्दीक के साथ ही चेकिंग पॉइंट लगाने के निर्देश दिए। जिसके चलते थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग लगाकर सर्चिंग शुरू की गई। थाने के पास एबी रोड पर चेकिंग टीम को इसी दौरान एक बाइक सवार मुरैना की ओर से आता हुआ नजर आया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार अपनी गाड़ी वापस मोड़कर भागने लगा। शंका हुई तो पुलिस ने उसका पीछा किया और कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक कट्टा और दो जिन्दा राउण्ड बरामद हुए। पुलिस ने हथियार बरामद होने के बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाए और मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस का कहना
इस मामले में एसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि एक बदमाश को पुरानी छावनी थाना पुलिस ने अवैध हथियार और एक अपाचे बाइक के साथ पकड़ा है। पकड़े गए बदमाश पर बाइक के दस्तावेज नहीं मिले है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *