ग्वालियर में ट्रक यूनियन दो फाड़, हड़ताल फ्लॉप
ग्वालियर. ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस वेस्ट जोन के आव्हान पर विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश भर में आज से ट्रकों की हड़ताल शुरू हो गई है इसके तहत ट्रक जहां कहीं भी है ट्रकों को वहीं पर खड़ा कर दिया गया है। इससे खाद् सामग्री सहित अन्य कई तरह के माल का प्रदेश सहित देश अन्य राज्यों के लिए परिवहन रूक गया है। इधर ग्वालियर जिले की ट्रक ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारियों में हड़ताल को लेकर फूट पड़ गई है। दिल्ली से ग्वालियर और ग्वालियर से दिल्ली ट्रकों का संचालन करने वाले शहर के बडे ट्रांसपोर्टर ने हड़ताल में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया इसलिए बात बिगड़ गई। इसके चलते अन्य पदाधिकारी भी हड़ताल में शामिल हुए है। ग्वालियर के सभी ऑपरेटरों के ट्रक का संचालन अभी भी जारी है।
हड़ताल 12 अगस्त तक रहेगी
ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट कांग्रेस वेस्ट जोन के पदाधिकारियों के अनुसार परिवहन विभाग की चौकियों से हो रहे भ्रष्टाचार, मप्र में डीजल पर लग रहे सबसे ज्यादा वैट समेत अन्य मांगों को लेकर मप्र के सात लाख ट्रक और अन्य वाणिज्यिक माल परिवहन वाहनों की आज से हड़ताल शुरू की है जो 12 अगस्त तक रहेगी इसके तहत मप्र में तीन दिन तक रजिस्टर्ड 7 लाख ट्रक व अन्य वाणिज्यिक वाहन नहीं चलेंगे साथ ही मप्र से हर दिन 33 हजार वाहन गुजरते है वह भी नहीं गुजरेंगे।

