मध्यप्रदेश में मोदी ही होंगे BJP का चेहरा

भोपाल. मध्यप्रदेश भाजपा में चुनावी चेहरे को लेकर बना सस्पेंस खत्म हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर ही बीजेपी एमपी के चुनावी मैदान में उतरेगी। पार्टी ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। मोदी के मन में बसे एमपी, एमपी के मन में मोदी थीम पर कई वीडियो गीत बनकर तैयार हैं। इन गानों में उनका पूरा एमपी कनेक्शन बताया गया है। राज्य के साथ केंद्र सरकार की स्कीमों को शामिल कर उनके चेहरे को ही हाइलाइट किया गया है। चुनाव से पहले इन तीन महीनों में मोदी के एमपी कनेक्शन की ब्रांडिंग की जाएगी। इसमें बताया जाएगा कि उनका एमपी से कितना पुराना कनेक्शन रहा है। उन्हें एमपी की कितनी चिंता की है। अगले कुछ दिनों में आधिकारिक तौर पर पार्टी ये थीम सॉन्ग रिलीज कर देगी।

एमपी के मन में कैसे लॉन्च होंगे मोदी
भाजपा के रणनीतिकारों ने दो महीने पहले से इस पर काम शुरू कर दिया था। जो एमपी में मोदी के लॉन्चिंग प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।
महाकाल लोक का लोकार्पण भोले बाबा के मन भाया, मोदी जैसा भक्त है आया। इस थीम पर ये वीडियो सॉन्ग बनकर तैयार है। इसमें मोदी को महाकाल का भक्त बताते हुए महाकाल लोक के लोकार्पण के वीडियो दिखाए गए हैं। इससे पीछे उद्देश्य लोगों को ये समझाना है कि मोदी का एमपी के प्रति विशेष लगाव है।
युवा को नॉलेज, नए मेडिकल कॉलेज दूसरे गाने की थीम है युवा को मिल रही शिक्षा और नॉलेज नए खुल रहे मेडिकल कॉलेज। सीखो और कमाओ योजना का भी जिक्र है। इसमें ये भी जिक्र है कि परदेस यानी विदेशों में अब भारत का माइलेज बढ़ गया है। नल-जल, एक्सप्रेस वे और विकास योजनाओं की बात भी इसमें है।
जनजाति मुख्य धारा में, घर-घर राशन जनजाति क्षेत्रों के लिए जो गाना तैयार हुआ है उसमें जिक्र है कि जनजाति मुख्य धारा में आया, घर-घर राशन पहुंचाया। मजदूरों को संबल बनाने और किसानों का सम्मान बढ़ाने का जिक्र इस गाने में है। खेतों तक पानी पहुंचाने और सस्ते खाद पानी का जिक्र है।

मोदी चेहरा क्यों
दरअसल, मध्यप्रदेश में 17 सालों से भाजपा सरकार है। ऐसे में सरकार के खिलाफ एंटी इनकम्बेंसी का जोखिम है। बीते दिनों हुए कुछ सर्वे में मध्यप्रदेश में सरकार के खिलाफ नाराजगी का पता चला है। ऐसे में बीते कई दिनों से मध्यप्रदेश में सत्ता और संगठन में फेरबदल की सुगबुगाहट भी चलती रही है। बीते दिनों 4 राज्यों में तो पार्टी ने नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए, लेकिन एमपी में कोई फेरबदल नहीं किया है। यहां पुराने चेहरों को जस का तस रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा सामने लाया जा रहा है, ताकि लंबे अरसे से सरकार के साइड इफैक्ट का असर कम से कम हो पाए। पार्टी ने यहां चुनाव प्रभारी के तौर पर पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को और सह प्रभारी के तौर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजा है। दोनों ही मोदी के करीबी माने जाते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *