जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला, तीन मजदूरों को बनाया निशाना
जम्मू कश्मीर. दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर आतंकवादियों ने 3 गैर कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाया है। खबर है कि जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें 3 मजदूरों को गोलियां लगी हैं। गुरुवार की देर रात आतंकियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
आतंकियों की तलाश जारी
इलाके में गोलियों की आवाज सुनने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना ने शोपियां के गगरान में इलाके को घेर लिया। सुरक्षा बल आतंकियों की तलाशी में लगे हुए हैं। अधिकारियों ने घायल मजदूरों की पहचान हीरालाल, पिंटो और अनमोल के तौर पर की है। चप्पे-चप्पे पर आतंकियों की तलाश की जा रही है। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया है कि घायल मजदूर बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले हैं। इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों को पकड़ने की कार्रवाई चल रही है। आपको बता दें कि इससे पहले भी आतंकी जम्मू-कश्मीर को निशाना बनाने की फिराक में थे, तब राजौरी जिले में LOC के पास सुरक्षा बलों ने आतंकियों को मार गिराया था।
